विजयादशमी पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया शस्त्र पूजन, पुलिस सेतु ऐप का शुभारंभ
इंदौर पुलिस लाइन में कन्या पूजन के बाद प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और सुरक्षा की कामना, सड़क सुरक्षा जागरूकता पोस्टर का भी किया विमोचन

इंदौर। विजयादशमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को इंदौर स्थित पुलिस लाइन में विधि-विधान से कन्या पूजन किया। इसके बाद परंपरानुसार शस्त्र पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं सुरक्षा की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ‘पुलिस सेतु ऐप’ का शुभारंभ किया। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार पोस्टर ‘Ideal Town on Road Safety’ का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विजयादशमी के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। प्रत्येक त्योहार अपने साथ विशेष संदेश लेकर आता है और विजयादशमी हमें सत्य, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा तथा धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
भगवान श्रीराम के आदर्श अपनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर धर्म की स्थापना की और रामराज्य की शुरुआत की। उनके जीवन से हमें सेवा, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुख, समृद्धि और विकास का लाभ पहुंचाना हमारा संकल्प होना चाहिए। सरकार जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। लोकतंत्र में जनता के अधिकार सर्वोपरि हैं और इन अधिकारों की रक्षा के लिए राष्ट्र का सामर्थ्यवान एवं सुरक्षित होना आवश्यक है। देश के सशस्त्र बलों और सेना ने अपने अदम्य साहस, त्याग और बलिदान से राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है।
पुलिस और नागरिकों के बीच संवाद मजबूत करेगा पुलिस सेतु ऐप
विजयादशमी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘पुलिस सेतु ऐप’ का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच संवाद और समन्वय को सुदृढ़ करना है। ऐप के माध्यम से पुलिस सेवाओं को अधिक सुलभ, सरल और प्रभावी बनाने तथा नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने की दिशा में कदम उठाया गया है।
सड़क सुरक्षा जागरूकता पोस्टर का विमोचन
मुख्यमंत्री ने शस्त्र पूजन कार्यक्रम के मंच से सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार पोस्टर ‘Ideal Town on Road Safety’ का विमोचन किया। इस पहल का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना और सुरक्षित यातायात के महत्व को बढ़ावा देना है।
शस्त्र पूजन के साथ सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी त्योहारों को सामूहिक सहभागिता और उत्साह के साथ मनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी परंपरा के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में शस्त्र पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधि सहभागिता कर रहे हैं। शस्त्र पूजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं, राष्ट्रीय गौरव और शौर्य के प्रति सम्मान व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है।




