राजस्‍थान

राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का नवम दीक्षांत समारोह आयोजित

जयपुर,16 अक्टूबर। राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि पशुपालन, हमारे देश और प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। अर्थव्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, खाद्य एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण समुदायों को सतत आजीविका प्रदान करने में पशुपालन की भूमिका महत्वपूर्ण है।

श्री बागडे शुक्रवार को बीकानेर के राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के नवम दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए इसे संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है। इसमें गिर, थारपारकर, साहिवाल और मुर्रा जैसी उन्नत नस्लों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि देश के कुल दुग्ध उत्पादन में राजस्थान की हिस्सेदारी लगभग 14.51 प्रतिशत है, जो कि उत्तर प्रदेश के बाद देश में दूसरे नंबर पर है। यह हमारे लिए गर्व का विषय है।

राज्यपाल ने कहा कि डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देना आज की बड़ी आवश्यकता है। यह पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कृषि और पशुपालन को एक-दूसरे का पूरक बताया एवं कहा कि हमारे कृषक, खेती के साथ दुग्ध उत्पादन कर अतिरिक्त आर्थिक लाभ ले रहे हैं। राज्यपाल ने पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान एवं कृषि क्षेत्र में अध्ययनरत बेटियों को शोध की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि आज प्रत्येक क्षेत्र में बेटियां अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इस क्षेत्र में भी बेटियां अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि भारत में प्रतिभाशाली युवाओं की कमी नहीं है। अमेरिका सहित अन्य विकसित देशों की बड़ी कंपनियां भारतवासी युवा चला रहे हैं। यह हमारी असली ताकत है।

श्री बागडे ने कहा कि भारत के युवाओं की बौद्धिक क्षमता और कल्पना शक्ति सशक्त है। देश की नई शिक्षा नीति ने पहली कक्षा से ही बच्चों के बौद्धिक स्तर को और अधिक सुदृढ़ करने का लक्ष्य सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि हमारा देश का बड़ा वर्ग ‘तरुण’ है। युवाओं को अपनी क्षमता का अधिकाधिक उपयोग देश को आगे बढ़ाने में करना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि युवा शक्ति की हमारी यही ताकत दुनिया के लिए सबसे बड़ी चिंता है। आज कई विदेशी ताकतें हमारे युवाओं को खोखला करने और उन्हें नशे की और धकेलने का कुत्सित प्रयास कर रही हैं। उन्होंने आह्वान किया कि युवा ऐसी आग से दूर रहें और जागरूक नागरिक, युवाओं को इससे दूर रखने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नशा मुक्त भारत की परिकल्पना को साकार करने में प्रत्येक व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण रहेगा।

श्री बागडे ने कहा कि शिक्षा का मतलब सिर्फ डिग्री प्राप्त करना नहीं बल्कि विवेक, समझ, नैतिकता और ईमानदारी का विकास करते हुए देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देना है। विद्यार्थी इसे समझें और आगे बढ़ें।

इस दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में 2.55 करोड़ रुपए की लागत से बने कन्या छात्रावास का लोकार्पण किया। विश्वविद्यालय परिसर के ‘वर्चुअल टूर’, पुस्तिका राजुवास अवलोकन, विश्वविद्यालय के वार्षिक प्रतिवेदन 2025-26 और राजुवास न्यूजलेटर के नए अंक का लोकार्पण किया।

समारोह के दौरान 462 विद्यार्थियों को स्नातक, 141 को स्नातकोत्तर, 20 को विद्या-वाचस्पति सहित कुल 623 उपाधियां प्रदान की गई। वहीं 2 विद्यार्थियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 36 को स्वर्ण पदक, 2 को रजत पदक, 2 कांस्य पदक सहित कुल 42 पदक प्रदान किए गए।

कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने विश्वविद्यालय का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

Related Articles

Back to top button