राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव आयोजन की देशभर में गूंज है

जयपुर, 23 जुलाई। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट कर राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव वर्ष के ऐतिहासिक आयोजनों तथा राज्य की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
श्री ओम बिरला ने हाल ही में जयपुर में आयोजित राजस्थान विधानसभा के अमृत महोत्सव के अंतर्गत “विधायी गौरव यात्रा एवं पूर्व और वर्तमान विधायकों के ऐतिहासिक समागम” को लोकतांत्रिक इतिहास का अभूतपूर्व आयोजन बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी को हार्दिक बधाई दी। श्री बिरला ने कहा कि इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें 410 पूर्व एवं वर्तमान विधायकों के एक साथ शामिल हुए और राजस्थान के सांसदों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज हुई। इसके साथ ही पूर्व विधानसभा अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों, छह या उससे अधिक बार निर्वाचित रहे वरिष्ठ विधायकों का सम्मान किया गया। साथ ही वर्ष 1952 से अब तक राजस्थान विधानसभा द्वारा पारित 24 ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण कानूनों पर गंभीर विमर्श आयोजित किया गया, जिसने लोकतांत्रिक विकास यात्रा को नई दृष्टि प्रदान की।
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन, राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े, पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चन्द कटारिया, मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। विधानसभा के सबसे वरिष्ठ शतायु पूर्व विधायक पंडित रामकिशन तथा 96 वर्षीय वरिष्ठ पूर्व विधायक श्री नारायण सिंह की सहभागिता लोकतांत्रिक परंपराओं के सम्मान का प्रेरक उदाहरण रही।
श्री बिरला ने कहा कि संभवतः देश की किसी भी विधानसभा में इतने व्यापक स्वरूप का ऐसा आयोजन पहली बार हुआ है। लोकतांत्रिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने तथा पूर्व और वर्तमान जन प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने की यह अनूठी पहल राजस्थान विधानसभा की गौरवशाली परंपराओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली सिद्ध होगी। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन की सफलता का पूरा श्रेय विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के नेतृत्व, दूरदृष्टि और प्रभावी समन्वय को दिया।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने अमृत महोत्सव के प्रथम कार्यक्रम में भाग लेने के लिए लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला का आभार व्यक्त किया और कहा कि अमृत महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य केवल अतीत का स्मरण करना नहीं बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और जनप्रतिनिधियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है।
अजमेर के ऐतिहासिक तारागढ़ किला के लिए केन्द्रीय सहायता का आग्रह—
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भेंट कर अजमेर के ऐतिहासिक तारागढ़ किले के संरक्षण, जीर्णोद्धार और समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार से विशेष आर्थिक सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार ने राज्य बजट में तारागढ़ किले के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं लेकिन सम्राट पृथ्वीराज चौहान से जुड़ी इस राष्ट्रीय धरोहर का समुचित संरक्षण और विश्वस्तरीय विकास केवल राज्य सरकार के संसाधनों से संभव नहीं है। इसके लिए भारत सरकार का सक्रिय सहयोग आवश्यक है।
श्री देवनानी ने कहा कि तारागढ़ किला भारतीय शौर्य, स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। यदि केंद्र और राज्य सरकार संयुक्त रूप से कार्य करें तो इसे देश के प्रमुख विरासत एवं पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे अजमेर की पर्यटन क्षमता को नई पहचान मिलेगी, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने तारागढ़ किले के ऐतिहासिक महत्व को स्वीकार करते हुए विषय पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
नई दिल्ली में हुई इन महत्वपूर्ण मुलाकातों ने एक ओर राजस्थान विधानसभा की लोकतांत्रिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाई, वहीं दूसरी ओर राज्य की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में भी सकारात्मक पहल का संदेश दिया।
श्री सुनील बंसल और अन्य केन्द्रीय नेताओं से भी शिष्टाचार भेंट—
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने अपने दिल्ली प्रवास में श्री सुनील बंसल और अन्य केन्द्रीय नेताओं से भी शिष्टाचार भेंट की और राज्य के विभिन्न विषयों पर चर्चा की। साथ ही उन्हें राजस्थान विधानसभा का नया प्रतीक चिह्न (लोगो ) भेंट किया। श्री सुनील बंसल और केन्द्रीय नेताओं ने विधानसभा के लोगो की जानकारी ली और उसमें राजस्थान के राज्य पशु ऊँट, राज्य वृक्ष खेजड़ी और राज्य पक्षी गोडावण को सम्मिलित किए जाने की भूरी-भूरी प्रशंसा की।




