आरटीई के तहत आज 502 करोड़ रुपये की फीस प्रतिपूर्ति करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
प्रदेश के 20,456 निजी स्कूलों के खातों में पहुंचेगी राशि, 8.19 लाख से अधिक विद्यार्थियों की नि:शुल्क शिक्षा के लिए होगा भुगतान नरसिंहपुर में 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नवीन भवन का भी करेंगे लोकार्पण

भोपाल/नरसिंहपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज, 11 अक्टूबर को नरसिंहपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत शैक्षणिक सत्र 2024-25 की फीस प्रतिपूर्ति राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे। इसके तहत प्रदेश के 20 हजार 456 अशासकीय विद्यालयों के खातों में 502 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। इससे प्रदेश के 8 लाख 19 हजार से अधिक विद्यार्थियों को नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री इस दौरान 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण भी करेंगे।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, अभिभावक और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे। सांदीपनि विद्यालय के नए भवन में विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
16.85 लाख से अधिक विद्यार्थियों की फीस के लिए 3,600 करोड़ रुपये जारी
प्रदेश सरकार शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को निजी विद्यालयों में नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध करा रही है। योजना के अंतर्गत पात्र बच्चों को कक्षा पहली से आठवीं तक निजी विद्यालयों में नि:शुल्क प्रवेश दिया जाता है। इन विद्यार्थियों की फीस की प्रतिपूर्ति सरकार संबंधित अशासकीय विद्यालयों को करती है।
वर्ष 2011 से अब तक प्रदेश में 16 लाख 85 हजार से अधिक विद्यार्थियों की फीस प्रतिपूर्ति के रूप में लगभग 3,600 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। सरकार का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने से रोकना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।
45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार हुआ सांदीपनि विद्यालय
मुख्यमंत्री आज नरसिंहपुर में 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण करेंगे। विद्यालय में केजी-1 से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक और शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
विद्यालय परिसर में डिजिटल क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, अत्याधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, मल्टीपर्पज हॉल और ऑडिटोरियम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। विद्यार्थियों की खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल मैदान और सुरक्षित आवागमन के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
मेरिट सूची में स्थान हासिल कर चुकी हैं माही साहू
नरसिंहपुर के सांदीपनि विद्यालय की छात्रा कु. माही साहू ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 12वीं की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं के विकास के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
आरटीई के तहत फीस प्रतिपूर्ति और सांदीपनि विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार प्रदेश में शिक्षा के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन प्रयासों के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।




