राजगढ़ में पेयजल संकट: चार दिन से नल बंद, पार्षद धरने पर बैठे

लखन गुर्जर राजगढ़। नगर में पिछले तीन-चार दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। वार्ड क्रमांक 06 में बीते चार दिनों से नलों में पानी नहीं आने के कारण रहवासी परेशान हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं होने से नाराज जनप्रतिनिधियों ने नगर पालिका परिषद के खिलाफ धरना शुरू कर दिया।
धरने पर वरिष्ठ पार्षद एवं कांग्रेस नेता विजयपाल सिंह भाटी, वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद मोहित तंवर और वार्ड क्रमांक 03 के पार्षद कमाल खान बैठे हैं। उनके साथ कांग्रेस के पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी एवं बापू सिंह तंवर भी धरने में शामिल हुए और जनप्रतिनिधियों के साथ खड़े नजर आए।
शिकायतों के बाद भी नहीं मिली राहत
वार्ड क्रमांक 06 में चार दिनों से नल नहीं आने के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों की परेशानी को लेकर जनप्रतिनिधियों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से उन्हें धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
नगर में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर जनप्रतिनिधियों के धरने पर बैठने से नगर पालिका की जलापूर्ति व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि नगर पालिका परिषद इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाती है और प्रभावित वार्ड के रहवासियों को कब तक राहत मिल पाती है।



