कुरावर में फॉर्च्यूनर की बाइक से भिड़ंत, पिता की मौत; बेटा घायल

राजगढ कुरावर। छोटी महाकाल मंदिर के सामने हाईवे पर फॉर्च्यूनर और बाइक की टक्कर में पिता-पुत्र घायल हो गए। हादसे में पिता राघवेंद्र विश्वकर्मा (42) की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि उनके 11 वर्षीय बेटे लक्ष्य विश्वकर्मा को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, फॉर्च्यूनर कार क्रमांक MP04 WC 0111 में विधायक अमर सिंह यादव यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान कार की बाइक क्रमांक MP04 QM 5768 से टक्कर हो गई। बाइक पर राघवेंद्र विश्वकर्मा अपने बेटे लक्ष्य के साथ सवार थे। राघवेंद्र पीलूखेड़ी स्थित एचपीसीएल कंपनी में कार्यरत थे और कुरावर की भोपाल रोड स्थित एस एस न्यूमार्केट रिजेंसी कॉलोनी के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, हादसे में राघवेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई और कान से खून निकल रहा था। दोनों को तत्काल लाइफ केयर हॉस्पिटल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राघवेंद्र दोनो को भोपाल के बंसल हॉस्पिटल रेफर किया गया। हादसे में राघवेंद्र की मौत की सूचना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



