लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 80 वर्षीय बुजुर्ग से ठगी, गहनों से भरा थैला लेकर युवती फरार
फॉर्म भरवाने का झांसा देकर दिनभर ऑटो में घुमाया, भीड़ में जेवर कटने का डर दिखाकर उतरवाए आभूषण; पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी

लखन गुर्जर ग्वालियर। मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। ग्वालियर में एक युवती ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को योजना का फॉर्म भरवाने का झांसा दिया और उन्हें दिनभर शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाती रही। इसके बाद भीड़ में गहने चोरी होने का डर दिखाकर महिला से उनके आभूषण एक थैले में रखवा लिए और मौका पाकर थैला लेकर फरार हो गई। घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर संदेही युवती की तलाश शुरू कर दी है।
नेल पॉलिश लेने के बहाने दुकान पर पहुंची युवती
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के गली नंबर-1 निवासी 80 वर्षीय विद्या बाई कुशवाह घर में ही कॉस्मेटिक की दुकान चलाती हैं। घटना के दिन वह दुकान पर अकेली थीं। इसी दौरान गुलाबी रंग का सलवार-सूट पहने करीब 25 से 26 वर्ष की एक युवती नेल पॉलिश खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंची।
बातचीत के दौरान युवती ने बुजुर्ग से पूछा कि उन्हें लाड़ली बहना योजना का पैसा मिलता है या नहीं। महिला ने योजना का लाभ नहीं मिलने की बात कही तो युवती ने उनका फॉर्म भरवाने की पेशकश की। उसने बताया कि इसके लिए उन्हें बाड़ा स्थित कार्यालय जाना होगा। युवती की बातों में आकर बुजुर्ग उसके साथ ऑटो में बैठ गईं।
सरकारी कार्यालय के नाम पर शहर में घुमाती रही
बताया गया कि युवती सबसे पहले बुजुर्ग को बहोड़ापुर चौराहे ले गई। वहां कोई सरकारी कार्यालय नहीं दिखाई देने पर महिला ने घर छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद युवती उन्हें पुरानी छावनी की ओर ले गई। महिला ने विरोध किया तो ऑटो वापस बाड़े की तरफ मोड़ दिया गया। बाद में उन्हें सागर होटल वाली गली में उतार दिया गया।
यहां युवती ने बुजुर्ग को बताया कि महाराज बाड़ा क्षेत्र में काफी भीड़ रहती है और वहां कोई उनके गहने काट सकता है। उसने सुरक्षा का बहाना बनाकर महिला को अपने आभूषण उतारकर थैले में रखने की सलाह दी। युवती की बातों पर भरोसा कर बुजुर्ग ने अपने गहने उतारकर थैले में रख दिए।
गहनों के साथ नकदी और जरूरी दस्तावेज भी ले उड़ी
पीड़िता के मुताबिक, थैले में सोने के टॉप्स, सोने के मोतियों वाला मंगलसूत्र, पेंडल, चांदी की अंगूठी, 200 रुपये नकद, घर की चाबियों के दो गुच्छे और पैन कार्ड व वोटर आईडी जैसे जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
युवती ने बुजुर्ग को बातचीत में उलझाया और इसी दौरान गहनों व अन्य सामान से भरा थैला लेकर फरार हो गई। कुछ देर बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद एक ई-रिक्शा चालक की मदद से वह किसी तरह अपने घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना बताई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन बुजुर्ग को लेकर झांसी रोड थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदेही युवती की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। एक फुटेज में बुजुर्ग के साथ गुलाबी सलवार-सूट पहने युवती दिखाई देने की बात सामने आई है।
एएसपी जयराज कुवेर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही युवती की तलाश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।



