‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ के संदेश को SBI ने दिया सम्मान और संवेदना का स्वरूप सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं सम्मान समारोह का आयोजन

भोपाल। स्वच्छता केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ समाज, सम्मानजनक जीवन और जिम्मेदार नागरिकता की पहचान है। इसी व्यापक भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक, भोपाल मंडल द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ अभियान के अंतर्गत सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
भारतीय स्टेट बैंक भारत सरकार की जनकल्याणकारी पहलों को जनभागीदारी से जोड़ने में सदैव सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। इसी क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में उन कर्मठ सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई, जो प्रतिदिन समाज को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
कार्यक्रम में सफाई कर्मियों को ‘समाज के सच्चे नायक’ के रूप में सम्मानित किया गया। साथ ही, उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। जो लोग निरंतर दूसरों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने में जुटे रहते हैं, उनके स्वास्थ्य, सम्मान और गरिमा की चिंता करना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक, भोपाल मंडल के प्रमुख श्री प्रभाष कुमार सुबुद्धि ने सफाई कर्मियों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि वे समाज के ऐसे महत्वपूर्ण सदस्य हैं, जिनका कार्य प्रतिदिन हमारे आसपास के वातावरण को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके अमूल्य योगदान के प्रति सामूहिक कृतज्ञता और संवेदनशीलता की अभिव्यक्ति है।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि स्वच्छता का वास्तविक उद्देश्य तभी पूर्ण होता है, जब उसमें स्वच्छता के साथ संवेदनशीलता, सम्मान और सहभागिता भी शामिल हो। स्वच्छ समाज का निर्माण केवल सफाई कर्मियों के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदार भागीदारी से संभव है।
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, भोपाल मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, संस्था अथवा विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपने व्यवहार और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाएगा, तभी स्वच्छता का संदेश स्थायी और प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुँच सकेगा।
भारतीय स्टेट बैंक, भोपाल मंडल ने इस अवसर पर अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संदेश दिया कि बैंक समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा तथा स्वच्छ, स्वस्थ, संवेदनशील एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।



