Breaking News

राजगढ़ के नरसिंह कॉलेज में ‘नशा मुक्त भारत’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

राजगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त भारत’ के आह्वान एवं ‘संकल्प 100 रविवार’ अभियान के अंतर्गत राजगढ़ स्थित नरसिंह कॉलेज में ‘माई भारत’ (MY Bharat) के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर्स के माध्यम से नशे से होने वाले दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माई भारत के जिला युवा अधिकारी (DYO) हितेश उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए पोस्टर्स की सराहना करते हुए कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

नरसिंह कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती मनीषा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा इस अभियान के अग्रदूत बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों को भी आवश्यक बताया।

इस अवसर पर कॉलेज के स्टाफ, प्राध्यापकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ ली। उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button