Breaking News

खाटू श्याम मंदिर समिति और श्री श्याम मित्र मंडल ने आयोजित किया कार्यक्रम श्री राधा रानी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया

राजगढ/ब्यावरा। नगर के अरनिया नरेश खाटू धाम में शनिवार रात श्री राधा रानी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर ‘एक शाम श्री राधा रानी के नाम’ संकीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्री खाटू श्याम मंदिर समिति (अरनिया) और श्री श्याम मित्र मंडल ने मिलकर यह कार्यक्रम किया। देर रात तक पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम में गोलोकवासी विनोद अग्रवाल के लोकप्रिय भजनों का संकीर्तन हुआ। ‘मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है’, ‘फूलों में सज रहे हैं श्री वृंदावन बिहारी’, ‘आजा आजा रे कन्हाई तेरी याद आई’, ‘राधिका गोरी से ब्रज की छोरी से’ और ‘मेरी लगी श्याम संग प्रीत’ जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति से भर दिया। गंजबासौदा के रसिक बृजराज अग्रवाल ने भी भजनों और संकीर्तन से श्री राधा-कृष्ण की भक्ति का गुणगान किया। भजनों पर श्रद्धालु तालियों के साथ झूमते रहे। मंदिर परिसर में लगातार ‘राधे-राधे’ और ‘श्री राधा-कृष्ण’ के जयकारे गूंजते रहे। राधा रानी के जन्मोत्सव के लिए खाटू धाम को सुंदर फूलों और बिजली की रोशनी से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए, पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में राधा रानी की मनमोहक झांकी सजाई गई। राधा रानी और भगवान श्री कृष्ण को पालने में झुलाया गया। खिलचीपुर के महाकाल साउंड कोटर ने साउंड की व्यवस्था संभाली। समिति और मंडल के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरा सहयोग दिया। देर रात तक चले संकीर्तन के बाद श्रद्धालुओं ने आयोजन की तारीफ की। ‘राधा रानी’ के जयकारों के साथ कार्यक्रम खत्म हुआ। इस दौरान बाबा खाटू श्याम जी का खास श्रृंगार भी किया गया।

Related Articles

Back to top button