राजस्‍थान

राष्‍ट्रवाद की ज्‍योति जलाये : देवनानी

जयपुर, 05 नवंबर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि युवा राष्‍ट्रवाद की ज्‍योति जलाये भारत का राष्‍ट्रवादी युवा जागरूक है। वे सक्रिय रहकर आगे आएं और राष्‍ट्र विरोधी शक्तियों का मुंह तोड जवाब दे। श्री देवनानी ने कहा कि जेनजी के नाम से भ्रम फैला रही ताकतों से भी सावधान रहें। अपनी क्षमता का उपयोग राष्‍ट्र के लिए करें। संवाद करें, आपसी सहमती बनाएं और सकारात्‍मक ढंग से अपनी बात लोगों के मध्‍य रखें।

श्री देवनानी गुरूवार को यहां जनता कॉलोनी स्थित एबीवीपी में आयोजित दीपावली स्‍नेह मिलन समारोह को सम्‍बोधित कर रहे थे। श्री देवनानी ने कार्यालय में नवनिर्मित 25 वॉट के सौर ऊर्जा सयंत्र का लोकार्पण किया। श्री देवनानी ने इस अवसर पर आयोजित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। श्री देवनानी ने इस मौके पर श्री अजय, महापौर श्री सुनील कोठारी, उप महापौर श्रीमती सरोज कंवर सहित नवनिर्वाचित पार्षदों का शॉल ओढाकर और स्‍मृति चिन्‍ह भेंट कर अभिनन्‍दन किया। श्री देवनानी ने दीप प्रज्‍ज्‍वलित कर समारोह का शुभारम्‍भ किया।

श्री देवनानी ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सनातन संस्‍कृति में महत्‍वपूर्ण है। मर्यादा पुरूषोत्‍तम श्रीराम, माता सीता और भरत का चरित्र आज भी सामायिक है। इन सभी का त्‍याग और सौहार्द मानव जीवन का परिचायक है। उन्‍होंने कहा कि सनातन संस्‍कारों को अपनाए। व्‍यक्ति निर्माण का कार्य संवाद से होता है। इसे निरन्‍तर बनाए रखें। 1950 में लगा परिषद का ये पौधा अब वट वृक्ष बन गया है। विचारों के साथ आगे बढे। वर्तमान परिप्रेक्ष्‍य में नये आयामों के साथ भारत की अखण्‍डता पर कोई आंच ना आने दे।

श्री देवनानी ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परम्परा और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक पर्व है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा तथा अज्ञान से ज्ञान की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है। ऐसे स्नेह मिलन समारोह सामाजिक आत्मीयता, सांस्कृतिक मूल्यों और संगठनात्मक एकजुटता को सुदृढ़ करने का महत्त्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रवादी विचार, विद्यार्थी हितों के प्रति समर्पण तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्‍वपूर्ण बताते हुए कहा कि युवा शक्ति भारत के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। युवाओं में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध, सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति गौरव की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है।

समारोह को परिषद के श्री अश्विनी शर्मा, श्री रोहित जैन, श्री विक्रान्‍त खण्‍डेलवाल, श्री जिनेश जैन और श्री शुभेन्‍द्र सिंह ने भी सम्‍बोधित किया। इस मौके पर श्री जुगल किशोर, राज्‍य वित्‍त आयोग के अध्‍यक्ष श्री अरूण चतुर्वेदी, राजस्‍थान विश्‍वविद्यालय के श्री बी.पी. सारस्‍वत सहित अनेक गणमान्‍य नागरिक मौजूद थे। इस अवसर पर श्री देवनानी ने परिषद के कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित जनों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button