भाटखेड़ी में ज्ञान के नए केंद्र की शुरुआत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने किया पुस्तकालय का उद्घाटन

राजगढ ग्राम पंचायत भाटखेड़ी जनपद पंचायत ब्यावरा में शिक्षा एवं ज्ञान को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए “भारत रत्न डॉ. बी.आर. आंबेडकर पुस्तकालय” का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत भाटखेड़ी की सरपंच श्रीमती बसंती बाई ने की। पुस्तकालय के उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, बच्चे एवं युवा उपस्थित रहे। पुस्तकालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण, पुस्तकें एवं आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। पंचायत द्वारा पुस्तकालय को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं नियमित अध्ययन के उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने ग्राम भाटखेड़ी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-2 का निरीक्षण भी किया। केंद्र में बच्चों के अनुकूल वातावरण, आकर्षक चित्रकारी एवं शैक्षणिक गतिविधियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कार्यक्रम में बच्चों की सक्रिय सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। ग्रामीणों ने गांव में पुस्तकालय की शुरुआत को बच्चों एवं युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। ग्राम पंचायत भाटखेड़ी द्वारा शिक्षा, बाल हित एवं सामाजिक जागरूकता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के क्रम में पुस्तकालय की स्थापना को ज्ञान, शिक्षा और बेहतर भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




