Breaking NewsRAJGARH

श्रम विभाग से राशि दिलाने का झांसा देकर 95 हजार की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

चेक बाउंस के 6 गिरफ्तारी वारंट भी थे लंबित, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों से दबोचा

राजगढ़। श्रम विभाग से राशि दिलाने का झांसा देकर महिला और उसके परिजनों से 95 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ चेक अनादरण (चेक बाउंस) के छह अलग-अलग मामलों में जिला न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को शिक्षक कॉलोनी निवासी देवकुमारी पति गंगाराम तंवर, उम्र 35 वर्ष, ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि शिवधाम कॉलोनी निवासी सुरेंद्रसिंह जाटव, जो श्रम कार्यालय राजगढ़ में कार्यरत है, ने श्रम विभाग से राशि दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग समय पर महिला और उसके परिजनों से कुल 95 हजार रुपए लिए थे।

 

राशि लेने के बाद आरोपी ने न तो श्रम विभाग से कोई राशि दिलाई और न ही फरियादिया के पैसे वापस किए। बार-बार संपर्क करने के प्रयास के बावजूद आरोपी द्वारा फोन नहीं उठाया गया। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 662/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 

पुलिस को चकमा देने का प्रयास, तकनीकी साक्ष्यों से गिरफ्तारी

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन और एसडीओपी राजगढ़ अरविंद सिंह राठौर के नेतृत्व में राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की।

 

पुलिस के मुताबिक आरोपी लगातार पुलिस टीम को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा था। टीम ने साइबर तकनीक और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए उसकी तलाश की। पुलिस की सटीक कार्रवाई के चलते आरोपी सुरेंद्र पिता बंशीलाल जाटव, उम्र 53 वर्ष, निवासी शिवधाम कॉलोनी राजगढ़ को 3 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

6 चेक बाउंस मामलों में भी वारंट

 

गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध माननीय जिला न्यायालय द्वारा परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 138 के तहत चेक बाउंस के अलग-अलग मामलों में कुल छह गिरफ्तारी वारंट लंबित पाए गए हैं। पुलिस द्वारा इन वारंटों की तामीली कराते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में आरोपी से पूछताछ और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button