मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर की शिक्षिका अर्चना पाण्डेय को शिक्षक दिवस पर किया सम्मानित

लखनऊ (SHABD) :गौतम बुद्ध नगर की शिक्षिका अर्चना पांडेय, सहायक अध्यापिका, कंपोजिट विद्यालय पर्थला खंजरपुर, विकास खंड बिसरख, ने अपने कठिन परिश्रम, नवाचारी सोच और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बनाई है। शिक्षक दिवस के अवसर पर उनकी इसी कर्मनिष्ठ साधना को प्रदेश स्तर पर सम्मान मिला।
“गोरखपुर” के महायोगी गम्भीर नाथ प्रेक्षागृह निकट के रामगढ़ ताल में आयोजित गरिमामय समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के कुशल एवं नवाचारी कार्य करने वाले प्रदेश के 61 शिक्षकों को राज्य स्तरीय सम्मान से अलंकृत किया। इनमें अर्चना पांडेय का चयन जनपद गौतम बुद्ध नगर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। अर्चना पांडेय को माँ सरस्वती की प्रतिमा, प्रशस्ति-पत्र, 25,000 की नगद पुरस्कार राशि तथा उनके नवाचार पर आधारित बुक एल्बम प्रदान किया गया।
ये सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि भर नहीं, बल्कि जनपद के समूचे शिक्षा-जगत के लिए गौरव का क्षण रहा। समारोह में संदीप सिंह, मंत्री, बेसिक शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार), पार्थ सारथी सेन शर्मा, अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा, मोनिका रानी, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मौजूद रहे।




