समय सीमा बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने दिए सख्त एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी व्यवस्थाओं में सुधार, पोषण सामग्री वितरण की प्रभावी मॉनिटरिंग और रिकॉर्ड संधारण के निर्देश

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा सोमवार को आयोजित समय सीमा बैठक में विभागवार कार्यों, लंबित प्रकरणों एवं शासन की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी पटवारी एवं सचिवों को अनिवार्य रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने तथा उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए। मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई द्वारा सार्थक ऐप पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उद्योग विभाग के दोनों निरीक्षकों का उद्यम क्रांति योजना के प्रकरण समय पर प्रस्तुत नहीं करने पर वेतन रोकने तथा पशुपालन विभाग के उप संचालक द्वारा प्रकरण बैंक में समय पर प्रस्तुत नहीं करने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए। जर्जर शाला भवनों का पुनः सत्यापन कराने तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले को प्रत्येक जर्जर शाला में उपयंत्री के साथ बैठक कर आवश्यक कार्य कराने के निर्देश दिए।
खिलचीपुर एवं माचलपुर के उपयंत्री द्वारा छात्रावासों का किराया निर्धारण नहीं किए जाने पर एक-एक वेतनवृद्धि रोकने हेतु कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ऊर्जा विभाग के विद्युत बिलों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय विभागों द्वारा बिजली बिलों का समय पर भुगतान नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित शासकीय भवनों की विद्युत आपूर्ति विच्छेदित की जा सकती है।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खराब एवं अनुपयुक्त निजी भवनों में संचालित आंगनवाड़ियों को चिन्हित कर उपयुक्त एवं बेहतर भवनों में स्थानांतरण कराने तथा परियोजना अधिकारी (ब्लॉक) कार्यालयों को भी बेहतर स्थानों पर संचालित कराने को कहा। सक्षम आंगनवाड़ियों में आरओ, टीवी एवं बेबी टॉयलेट की स्थापना प्राथमिकता से कराने तथा जिले की 16 अप्रारंभ आंगनवाड़ियों का कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। जिला शहरी विकास अधिकारी से संबंधित फाइल पर स्पष्टिकरण भी मांगा गया। उन्होंने पोषण ट्रैकर ऐप पर स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के गर्भवती महिलाओं से संबंधित डेटा का पुनः सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
समूह की दीदियों द्वारा वितरित किए जा रहे खिचड़ी-दलिया के पैकेट सभी पात्र हितग्राहियों तक व्यवस्थित रूप से पहुंचें, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया। सुठालिया में दलिया-खिचड़ी वितरण की व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिम्मेदारी निर्धारित करने तथा वितरण की रिकॉर्ड कीपिंग, नियमित निगरानी एवं मॉनिटरिंग महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए। सभी पर्यवेक्षकों की सार्थक ऐप पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सभी कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी को री- केवायसी प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने पशुपालन विभाग में एल1 एवं एल 2 स्तर की शिकायतों के कमजोर निराकरण पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आगामी मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, कुरावर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अगले 5 दिवस में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। सभी अधिकारियों को अपने-अपने संस्थानों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।
विकासखंड स्तर पर आयोजित पूर्व जनविश्वास अभियान शिविरों में प्राप्त शिकायतों एवं उनके निराकरण की रिपोर्ट सभी एसडीएम द्वारा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, कृषि विभाग के प्रभारी वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी खिलचीपुर श्री के.के. जाटव को निलंबन हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। आगामी अभियान में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।



