Breaking News

महाकालमय हुआ सारंगपुर, शाही ठाट-बाट से निकली बाबा वटकेश्वर महादेव की सवारी

राजगढ़ श्रावण मास के अंतिम सोमवार को सारंगपुर नगरी पूरी तरह शिवमय नजर आई। वटकेश्वर महादेव मंदिर से विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के बाद बाबा वटकेश्वर महादेव की भव्य शाही पालकी यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, बैंड और ताशों की गूंज तथा हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। शाही सवारी में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

शाही सवारी में फूलों से सुसज्जित पालकी में विराजित बाबा वटकेश्वर महादेव के दर्शन के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। विभिन्न स्थानों पर सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा स्वागत मंच लगाकर पुष्पवर्षा की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। महिलाओं एवं बालिकाओं ने कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की। आकर्षक धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां, भजन मंडलियां, बैंड, ताशा पार्टी और अखाड़ा यात्रा के प्रमुख आकर्षण रहे।

कालीसिंध मैया की पूजा-अर्चना कर अर्पित की चुनरी

शाही सवारी के मथुरा घाट पहुंचने पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल वभाग एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बाबा वटकेश्वर महादेव का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात कालीसिंध मैया की आरती कर चुनरी अर्पित की गई। पुलिस द्वारा बाबा को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

शाही सवारी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी चौक स्थित प्राचीन वटकेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां महाआरती के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ लिया।

पुख्ता रही सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था

शाही सवारी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक श के निर्देशन में पुलिस एवं प्रशासनिक अमला पूरे मार्ग पर मुस्तैद रहा। प्रमुख स्थानों पर फिक्स प्वाइंट बनाए गए तथा भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया गया। शाही सवारी शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुई।

Related Articles

Back to top button