Breaking News

सारंगपुर की बेटी यशिका मिश्रा ने विश्वविद्यालय में किया टॉप  ,राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  ने किया सम्मान

राजगढ सारंगपुर की प्रतिभाशाली बेटी सुश्री यशिका मिश्रा ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि से सारंगपुर सहित पूरे राजगढ़ जिले का नाम गौरवान्वित किया है। यशिका मिश्रा ने डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर से भाषा विज्ञान विषय में एम.ए. की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर रविवार को सारंगपुर के सेवा सदन कार्यालय में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल ने यशिका मिश्रा का अभिनंदन एवं सम्मान किया।इस अवसर पर उनके पिता श्री रजनीश मिश्रा सहित उपस्थितजनों ने भी यशिका को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि यशिका की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यशिका ने अपनी सफलता से सारंगपुर और पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों एवं युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने यशिका मिश्रा को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।उन्होंने कहा कि बेटियों की ऐसी उपलब्धियां समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

Related Articles

Back to top button