मौसम में बदलाव के दौरान फ्लू एवं अन्य मौसमी श्वसन संक्रमण से बचाव के लिए नागरिकों से सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की गई
राजगढ़ मौसम में बदलाव के दौरान फ्लू एवं अन्य मौसमी श्वसन संक्रमण से बचाव के लिए नागरिकों से सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार व्यक्तिगत स्वच्छता तथा संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाकर फ्लू के प्रसार को काफी हद तक रोका जा सकता है।
*फ्लू से बचाव के लिए अपनाएं सावधानियां*
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रूमाल या टिश्यू से ढकें। हाथों को साबुन और पानी से नियमित रूप से धोते रहें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार मास्क का उपयोग करें। फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर दूसरों के संपर्क में आने से बचें और पर्याप्त आराम करें। व्यक्तिगत उपयोग की वस्तुएं, जैसे तौलिया, रूमाल एवं बर्तन साझा न करें। पौष्टिक आहार लेने के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं तथा घर एवं आसपास के वातावरण में स्वच्छता बनाए रखें। फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लें और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयों का सेवन न करें। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं सावधानी बरतने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समुदाय को भी फ्लू तथा अन्य मौसमी संक्रमणों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें। सतर्कता, स्वच्छता और समय पर चिकित्सकीय परामर्श अपनाकर संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।



