मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने नई दिल्ली में ICAR की 97वीं वार्षिक बैठक में लिया हिस्सा

भोपाल, 18 अगस्त 2026। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने नई दिल्ली में आयोजित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) सोसाइटी की 97वीं वार्षिक आम बैठक में सहभागिता की। बैठक का आयोजन भारत रत्न श्री सुब्रमण्यम सभागार, राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर, पूसा में किया गया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने की।
बैठक में मंत्री श्री कुशवाह ने मध्यप्रदेश में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने की दिशा में प्रदेश सरकार की पहल की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि बदलती कृषि परिस्थितियों में उद्यानिकी फसलों का विस्तार किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में फल, सब्जी, मसाला एवं पुष्प उत्पादन के साथ-साथ खाद्य प्रसंस्करण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का विशेष जोर कृषि अनुसंधान संस्थानों में विकसित तकनीक और नवाचारों को किसानों के खेत तक पहुंचाने पर है, ताकि किसानों को बेहतर उत्पादन, कृषि उपज का मूल्य संवर्धन और बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके।
मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और नवाचारों का उपयोग बढ़ाकर किसानों की उत्पादन क्षमता को मजबूत किया जा सकता है। उद्यानिकी फसलों के विस्तार और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ रोजगार एवं आय के नए अवसर भी विकसित होंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए तकनीक, उत्पादन, प्रसंस्करण और बाजार से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है।
वार्षिक बैठक में विभिन्न राज्यों के कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभागों के मंत्रीगणों ने भी सहभागिता की। बैठक में कृषि एवं इससे जुड़े क्षेत्रों के विकास, नई तकनीकों, अनुसंधान और किसानों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।




