भाजपा ने सीएम हेमंत सोरेन से नैतिकता के आधार पर मांगा इस्तीफा, सीबीआई जांच की मांग तेज

रांची (SHABD): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र को जनहित के मुद्दों से बचने के लिए छोटा रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को सदन में प्रदेश के युवाओं, कानून-व्यवस्था और विभिन्न कथित घोटालों पर जवाब देना चाहिए। संदीप वर्मा ने कहा कि पिछले 13 दिनों से छात्र रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा रद्द करने तथा पिछले सात वर्षों में आयोजित जेपीएससी और जेएसएससी की सभी परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा से जुड़े मामलों में सामने आए तथ्यों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। साथ ही उन्होंने ट्रेजरी घोटाला, कौशल विकास योजना में कथित अनियमितताओं और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी सरकार से विधानसभा में जवाब देने की मांग की। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री सह शिक्षा मंत्री हेमंत सोरेन नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें और सभी मामलों की सीबीआई जांच कराई जाए, ताकि युवाओं और जनता का विश्वास बहाल हो सके।




