बिहार-झारखण्‍ड

गया में एसएसबी-पुलिस की कार्रवाई, अवैध राइफल बरामद

सोहैल (SHABD) : विश्वसनीय सूचना के आधार पर बुधवार को 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), गया द्वारा जिला पुलिस के साथ संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर एक अवैध देशी हथियार बरामद किया गया। यह कार्रवाई कमांडेंट कुणाल के निर्देश पर डी-समवाय सलैया के निरीक्षक (सामान्य) अनुज कुमार पाठक के नेतृत्व में की गई।

एसएसबी और थाना सोहैल पुलिस की संयुक्त टीम ने गया जिले के ग्राम नावा के पहाड़ी क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक 7.62 मिमी की अवैध देशी मजल लोडिंग राइफल बरामद की गई।

हथियार बरामद होने के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान चलाया, ताकि किसी अन्य अवैध गतिविधि या हथियार का पता लगाया जा सके। हालांकि, अभियान के दौरान अन्य कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।

बरामद हथियार को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सोहैल को विधिवत सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर हथियार के स्रोत तथा इससे जुड़े व्यक्तियों की पहचान में जुटी है।

एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध हथियारों की रोकथाम तथा क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button