हाइवे पर गौवंश की सुरक्षा के लिए नव युवा गौ रक्षा सेवा समिति की अनूठी पहल गौ माता के गले में लगाए रेडियम पट्टे, रात के अंधेरे में वाहन चालकों को दूर से दिखेगा गौवंश

लखन गुर्जर राजगढ़। नव युवा गौ रक्षा सेवा समिति राजगढ़ द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हाइवे एवं प्रमुख मार्गों पर बैठे गौवंश की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया गया। समिति के सदस्यों द्वारा हाइवे पर बैठने वाली गौ माता के गले में रेडियम पट्टे लगाए जा रहे हैं, ताकि रात के समय वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद गौवंश दूर से दिखाई दे सके और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
समिति द्वारा यह पहल लगातार की जा रही है। हाइवे पर रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण सड़क पर बैठे गौवंश कई बार वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते, जिसके चलते दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है। इसी समस्या को देखते हुए समिति के सदस्यों ने गौवंश के गले में रेडियम लगाने का अभियान शुरू किया है।
रेडियम पट्टे वाहन की रोशनी पड़ने पर चमकते हैं, जिससे वाहन चालकों को दूर से ही सड़क पर बैठे गौवंश की मौजूदगी का पता चल जाता है। समिति का उद्देश्य गौवंश की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है।
नव युवा गौ रक्षा सेवा समिति ने आमजन एवं वाहन चालकों से भी अपील की है कि हाइवे पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और सड़क पर बैठे गौवंश को देखकर गति धीमी करें। समिति के सदस्यों ने कहा कि गौ सेवा के साथ मानव जीवन की सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है।



