प्रदेश के एक मात्र जिला राजगढ़ की 14 ग्राम पंचायतों में स्थापित होंगे स्मार्टपुर केन्द्र बच्चों को मिलेगा डिजिटल शिक्षा का अवसर

राजगढ़
आरईएसीएचए संस्था द्वारा संचालित नोकिया स्मार्टपुर प्रोकेक्ट के अंतर्गत बहु-विभागीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य हितधारकों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं, डिजिटल साक्षरता, शिक्षा, आजीविका, वित्तीय समावेशन तथा शासकीय योजनाओं की सुलभ एवं प्रभावी पहुँच सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले रहे। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों एवं युवाओं को डिजिटल शिक्षाए तकनीकी दक्षता तथा आधुनिक सीखने के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजगढ़ जिले की 14 ग्राम पंचायतों में स्मार्टपुर केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केन्द्रों पर पॉच लेपटॉप उपलब्ध करा कर बच्चों को कंप्यूटर आधारित शिक्षाए डिजिटल साक्षरता एवं आधुनिक तकनीक से जोड़ने का कार्य किया जाएगा तथा पंचायत स्तर पर एक कम्युनिटी फेसिलेटर जो कि ग्राम पंचायत में ऑनलाईन से संबंधित समस्त कार्य करने के लिए उपलब्ध रहेगा।
स्मार्टपुर केन्द्रों का संचालन जिले के जनपद पंचायत नरसिंहगढ़, राजगढ़, खिलचीपुर एवं जीरापुर में किया जाएगा। जिनमें चयनित ग्राम पंचायतें निम्न हैं। साथ ही नरसिंहगढ़ विकासखण्ड अंतर्गत बिहार, जमुनिया जोहार एवं पड़लिया बाना, राजगढ़ विकासखण्ड अंतर्गत महाबल, हिरणखेड़ा, फूलखेड़ी एवं फुंदिया, खिलचीपुर विकासखण्ड अंतर्गत पंखेड़ी, बावड़ीखेड़ा एवं दलुपुरा तथा जीरापुर विकासखण्ड अंतर्गत कवालसी खेड़ा, राजपुरा, लाखोनी एवं उभापन आदि। प्रत्येक स्मार्टपुर केन्द्र प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित रहेगा। प्रत्येक चयनित ग्राम पंचायत में बच्चों के उपयोग हेतु 04 लेपटॉप भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे वे डिजिटल शिक्षा, ई-लर्निंग, इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग एवं कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
स्मार्टपुर केन्द्रों की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों एवं युवाओं को गुणवत्तापूर्ण डिजिटल संसाधनों तक पहुंच मिलेगी तथा वे शिक्षा, नवाचार एवं तकनीकी कौशल के क्षेत्र में नई संभावनाओं से जुड़ सकेंगे। जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत द्वारा इन केन्द्रों के प्रभावी संचालन एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अधिकाधिक बच्चों को इसका लाभ प्राप्त हो सके। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण आज समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
उन्होंने आरईएसीएचए संस्था द्वारा स्मार्टपुर प्रोजेक्ट के माध्यम से किए जा रहे नवाचारों एवं प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना ग्रामीण नागरिकों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने, शासकीय योजनाओं की पहुँच बढ़ाने तथा सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से समन्वय एवं सहभागिता के साथ कार्य करते हुए परियोजना को सफल बनाने का आह्वान किया तथा आरईएसीएचए टीम को भविष्य में भी इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी कार्य करते रहने के लिए शुभकामनाएँ दीं।




