गणतंत्र दिवस-2026 : उत्कृष्ट झांकियों को मिला सम्मान, कृषि विभाग की झांकी “नमो ड्रोन दीदी” को मिला प्रथम पुरस्कार

जयपुर, 9 फरवरी । मुख्य सचिव श्री वी श्रीनिवास ने सोमवार को शासन सचिवालय स्थित चिंतन हॉल में गणतंत्र दिवस-2026 के राज्य स्तरीय समारोह में प्रदर्शित विभिन्न राजकीय विभागों की उत्कृष्ट झांकियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर कृषि विभाग की झांकी “नमो ड्रोन दीदी” को पहला पुरस्कार मिला। इस झांकी में आधुनिक तकनीकों के माध्यम से खेती और कृषि क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण का प्रभावी संदेश प्रस्तुत किया गया था। इसी प्रकार कला एवं संस्कृति विभाग की “राजस्थानी कला” थीम पर आधारित झांकी दूसरे स्थान पर रही। वहीं तीसरा पुरस्कार चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की “माँ योजना” थीम पर आधारित झांकी को दिया गया। चयनित विभागों को मुख्य सचिव द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेन्टो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री प्रवीण गुप्ता, कृषि विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती मंजू राजपाल, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री नवीन जैन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग निदेशक (आईईसी) श्रीमती सौम्या झा तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. टी. शुभ मंगला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस-2026 के अवसर पर जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में इस वर्ष राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा नवाचारों, योजनाओं एवं जनकल्याणकारी नीतियों पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया गया था। समारोह में पशुपालन, मत्स्य एवं गोपालन विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, गृह विभाग (एसडीआरएफ), आयोजना विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा पर्यटन विभाग सहित अनेक विभागों द्वारा विभिन्न थीमों पर खूबसूरत कलात्मक झांकियों का प्रदर्शन किया गया था।



