गया में तीन दिवसीय वसंत पंचमी महोत्सव व ‘अभिव्यंजना’ का शुभारंभ

गयाजी :कला एवं संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन गया तथा कला मंच पटना के संयुक्त तत्वावधान में हरिदास सेमिनरी परिसर स्थित प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी में तीन दिवसीय वसंत पंचमी महोत्सव एवं “अभिव्यंजना” का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर कलाकारों ने गीत, संगीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
महोत्सव के तहत आर्ट गैलरी में पेंटिंग, फोटोग्राफी, मूर्ति कला और हस्तकला की प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जो कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इस अवसर पर बिहार संग्रहालय, पटना के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा ने गया में आयोजित तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है, जिससे बिहार में कला और संस्कृति को नई दिशा मिलती है।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुरभि वाला ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समकालीन कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना तथा स्थानीय कलाकारों के मनोबल को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन कला के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




