गाजियाबादः फर्जी पासपोर्ट रैकेट में बड़ी कार्रवाई, 8 पुलिसकर्मी और थाना प्रभारी लाइन हाजिर

लखनऊ: गाज़ियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में सामने आए फर्जी पासपोर्ट रैकेट ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। एक ही पते पर 24 पासपोर्ट बनाए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग ने 8 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके साथ ही भोजपुर थाना प्रभारी को भी लाइन हाजिर किया गया है। मामले में पहले ही पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और एक डाक मुंशी दीपक को निलंबित किया गया था। जांच में खुलासा हुआ कि कई पासपोर्ट आवेदनों में ग्राम भोजपुर, त्यौड़ी, अतरौली, सैदपुर हुसैनपुर और किछड़ी गांवों के फर्जी पते दर्ज किए गए थे। सत्यापन के दौरान पाया गया कि आवेदक इन पते के स्थायी निवासी नहीं थे और सभी आवेदनों में एक ही मोबाइल नंबर इस्तेमाल किया गया था। पूछताछ में डाककर्मी ने स्वीकार किया कि विवेक गांधी और प्रकाश सुब्बा नामक व्यक्तियों ने उसे हर पासपोर्ट पर 2 हजार रुपये देने का लालच देकर गलत तरीके से पासपोर्ट डिलीवरी करवाई। पुलिस ने विवेक गांधी, प्रकाश सुब्बा, अरुण कुमार, अमनदीप सिंह उर्फ अजमीत सिंह और महिला आरोपी सतवंत कौर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पासबुक, पासपोर्ट, मोबाइल फोन, कारें और नकदी बरामद हुई है। एसीपी लिपि नगायच के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




