बिहार-झारखण्‍ड

बोधगया के जयश्री बुद्ध विहार में अस्थि कलश दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें

बोधगया :बोधगया स्थित जयश्री बुद्ध विहार, जो श्रीलंका द्वारा निर्मित है, में भगवान बुद्ध और उनके शिष्यों सारिपुत्र व महामोगलायन के पवित्र अस्थि कलश के दर्शनार्थ श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हैं। देश-विदेश से आए बौद्ध श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर अस्थि कलश का दर्शन और पूजन कर रहे हैं।

महाबोधि सोसायटी ऑफ इंडिया के महासचिव भंते शिवली थेरो ने बताया कि यह तीन दिवसीय कार्यक्रम 1 से 3 फरवरी तक आयोजित किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत महाबोधि सोसायटी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों द्वारा अस्थि कलशों को पारंपरिक वाद्य यंत्रों और विशेष परिधानों के साथ महाबोधि मंदिर के गर्भगृह में ले जाकर पूजा-अर्चना करने से हुई। इस दौरान श्रद्धालु नाच-गान और भक्ति गीतों के माध्यम से भगवान बुद्ध और उनके शिष्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

पूजा-अर्चना के पश्चात अस्थि कलश को जयश्री बुद्ध विहार परिसर में आम लोगों के दर्शनार्थ रखा गया। श्रद्धालु श्रद्धा पूर्वक भगवान बुद्ध, सारिपुत्र और महामोगलायन के अस्थि कलश का दर्शन और पूजन करते हैं।

कार्यक्रम का समापन 3 फरवरी को निकाली जाने वाली भव्य शोभा यात्रा के साथ होता है। इस शोभा यात्रा में भारत के अलावा श्रीलंका, कोरिया, थाईलैंड, जापान, वियतनाम, भूटान और विश्व के अन्य देशों के श्रद्धालु भाग लेते हैं।

उल्लेखनीय है कि महाबोधि सोसायटी ऑफ इंडिया द्वारा यह कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर जयश्री बुद्ध विहार और महाबोधि सोसायटी परिसर को फूल मालाओं और सजावट के माध्यम से आकर्षक ढंग से सजाया जाता है।

Related Articles

Back to top button