विकसित भारत की मजबूत नींव रखने वाला बजट 2026-27 : सर्वसमावेशी, सर्वस्पर्शी और दूरदर्शी : राजस्व मंत्री

जयपुर,2 फरवरी। राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने सोमवार को प्रतापगढ में प्रेस वार्ता के दौरान मीडियाबंधुओं के साथ केंद्रीय बजट 2026-27 पर संवाद करते हुए कहा कि 1 फरवरी को प्रस्तुत बजट हर व्यक्ति के सपनों, आकांक्षाओं और भविष्य की मजबूत नींव रखने वाला बजट है। यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमी के सशक्तिकरण की स्पष्ट दिशा दिखाता है।
उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 इतिहास में उस बजट के रूप में याद किया जाएगा, जिसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को ठोस आधार दिया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार 9वीं बार बजट प्रस्तुत किया जाना भारत के संसदीय इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण है।
राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट संदेश है कि महिलाएं केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि भारत की ग्रोथ इंजन हैं। बजट 2026 इसी नीयत का प्रमाण है, जहां हर योजना, हर निवेश और हर सुधार के केंद्र में महिला की गरिमा, सुरक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व क्षमता को रखा गया है।
उन्होंने बताया कि यह बजट GYAN—गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मध्यम वर्ग को स्वास्थ्य सेवाओं में राहत, दवाओं पर सीमा शुल्क में कटौती, TDS प्रक्रिया का सरलीकरण और विदेश यात्रा पर TCS में कमी जैसे निर्णयों से सीधा लाभ मिलेगा।
युवाओं के लिए शिक्षा से रोजगार, स्किल इंडिया, डिजिटल स्किल्स, एआई, रोबोटिक्स और ग्रीन टेक्नोलॉजी में प्रशिक्षण, MSME ग्रोथ फंड और सेवा क्षेत्र को वैश्विक नेतृत्व देने की दिशा में ठोस रोडमैप प्रस्तुत किया गया है।
महिला सशक्तिकरण को नई ऊंचाई देते हुए प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास, केयरगिवर्स और स्वास्थ्य पेशेवरों का प्रशिक्षण, लखपति दीदी योजना का विस्तार तथा महिला उद्यमियों के लिए SME ग्रोथ फंड का प्रावधान किया गया है।
कृषि क्षेत्र में ‘भारत-विस्तार’ एआई टूल, उच्च मूल्य फसलों को प्रोत्साहन, राष्ट्रीय फाइबर योजना, पशुपालन, मत्स्य पालन और सहकारिता को मजबूती देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया गया है।
स्वास्थ्य, सेमीकंडक्टर, केमिकल पार्क, शहरी विकास, खादी-हस्तशिल्प, रक्षा और विमानन क्षेत्र में किए गए प्रावधान भारत को आत्मनिर्भर और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बनाने की दिशा में निर्णायक कदम हैं।
राजस्व मंत्री ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने वाला विजन डॉक्यूमेंट है।
प्रेस वार्ता में जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या अन्य अधिकारी सहित मीडिया कर्मी उपस्थित रहें।




