Breaking News

कलश यात्रा के साथ संगीतमय श्रीमद् भागवत एवं देवनारायण भगवान कथा का विराट आयोजन, सात दिन तक गूंजेगा भक्ति-श्रद्धा का स्वर

लखन गुर्जर
राजगढ़ जिले के ग्राम बगा, फतुखेडी क्षेत्र में आगामी दिनों में धर्म, भक्ति और सनातन संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। परम पिता परमेश्वर की कृपा से यहां संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा एवं देवनारायण भगवान कथा का विशाल धार्मिक आयोजन किया जा रहा है, जो पूरे अंचल को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर देगा। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त करेगा, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को भी नई दिशा देगा।
इस सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ माघ शुक्ल पूर्णिमा, रविवार 01 फरवरी 2026 को विधिविधान के साथ कलश यात्रा एवं कथा प्रारंभ से होगा। कलश यात्रा के दौरान गांव की गलियां भक्ति गीतों, शंखनाद और जयकारों से गूंज उठेंगी। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं सिर पर कलश धारण कर धर्ममय वातावरण का सृजन करेंगी। आयोजन का समापन फाल्गुन विदि 6, शनिवार 07 फरवरी 2026 को पूर्णाहुति एवं विशाल महाप्रसादी के साथ किया जाएगा।
आयोजन के दौरान प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से श्रद्धालुओं के आगमन तक कथा का क्रम चलेगा। श्रीमद् भागवत कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक होगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, रासलीला, गोवर्धन पूजा, सुदामा चरित्र और गीता के उपदेशों का संगीतमय वर्णन किया जाएगा। वहीं रात्रिकालीन सत्र में रात 8 बजे से हरि इच्छा तक देवनारायण भगवान कथा का आयोजन होगा, जिसमें लोक आस्था, धर्म, वीरता और सामाजिक चेतना के प्रसंग सुनाए जाएंगे।
इस भव्य आयोजन में भागवत कथा प्रवचन साध्वी बाईसा (गोसेवा कुंज आश्रम, उज्जैन) द्वारा किया जाएगा, जिनकी ओजस्वी वाणी, सरल शैली और भावपूर्ण कथा प्रस्तुति श्रोताओं को भक्ति भाव से सराबोर कर देती है। वहीं देवनारायण भगवान कथा का वाचन रामबाबू गुर्जर (सुल्तानी) द्वारा किया जाएगा, जिनकी कथा शैली में लोक परंपरा, इतिहास और जनआस्था का प्रभावशाली समन्वय देखने को मिलेगा। दोनों कथावाचकों के प्रवचनों को सुनने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूर-दराज से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
आयोजन स्थल देवनारायण मंदिर समिति, ग्राम बगा, फतुखेडी, देहरी ठाकुर, बडाकुआ, गुराडिया, करनपुरा निर्धारित किया गया है। यह स्थान राजगढ़ एसपी कार्यालय से लगभग 12 किलोमीटर उत्तर दिशा में स्थित है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति द्वारा बैठने, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई एवं सुरक्षा की व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालु निर्बाध रूप से कथा श्रवण कर सकें।
इस धार्मिक आयोजन का संयोजन देवनारायण मंदिर समिति ग्राम बगा द्वारा क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने, नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने और धर्म के मूल संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम होते हैं।

Related Articles

Back to top button