मध्यप्रदेश

रीवा आगमन: कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का भव्य स्वागत, इबरार खान और अंकित सिंह रहे अगवानी में अग्रणी

 

 

रीवा। मोहम्मद असलम बाबा मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत सिंह मंगू की सुपुत्री के विवाह उपरांत आयोजित गरिमामयी रिसेप्शन समारोह में सम्मिलित होने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का आज रीवा आगमन हुआ। इस अवसर पर विंध्य अंचल की राजनीति में खासा उत्साह और हलचल देखने को मिली।

दोपहर लगभग 1.20 बजे रीवा एयरपोर्ट पर मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव तथा वर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एक साथ पहुँचे। नेताओं के आगमन की सूचना मिलते ही कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या एयरपोर्ट पर एकत्र हो गई, जहाँ पूरे जोश और आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया गया।

एयरपोर्ट पर इबरार खान, पूर्व सचिव मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं पूर्व सदस्य प्रशासनिक समिति नगर पालिका धनपुरी, तथा अंकित सिंह, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, ने वरिष्ठ नेताओं की अगवानी की। उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंट कर और माल्यार्पण करते हुए विंध्य की पावन धरा पर कांग्रेस नेतृत्व का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के दौरान संगठनात्मक अनुशासन और प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी वरिष्ठ नेता सायंकाल आयोजित वैवाहिक रिसेप्शन समारोह में शामिल होंगे और गुरमीत सिंह मंगू एवं उनके परिवार से भेंट कर अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित करेंगे। इस अवसर पर क्षेत्रीय राजनीति के कई अन्य प्रमुख नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति भी संभावित है।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, इसी आशीर्वाद एवं शुभेच्छा समारोह में पूर्व सांसद नकुल नाथ का भी शाम को रीवा आगमन प्रस्तावित है। प्रदेश के दिग्गज नेताओं की एक साथ मौजूदगी से विंध्य क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियाँ तेज हो गई हैं और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कांग्रेस खेमे में विशेष हलचल देखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button