उत्तर प्रदेश

प्रयागराजः माघी पूर्णिमा पर संगम में आस्था का सैलाब, ब्रह्म मुहूर्त से श्रद्धालुओं का पावन स्नान

प्रयागराजः आस्था की नगरी प्रयागराज में चल रहे माघ मेले के पांचवें प्रमुख स्नान पर्व माघी पूर्णिमा पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है। ब्रह्म मुहूर्त से ही “हर-हर गंगे” के जयघोष के साथ श्रद्धालु संगम तट पर पवित्र स्नान कर रहे हैं। माघी पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान मेला प्रशासन ने लगाया है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मेला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। पूरे मेला क्षेत्र में साढ़े तीन किलोमीटर से अधिक बने स्नान घाटों पर डीप वाटर बैरिकेटिंग की गई है। जल पुलिस और गोताखोरों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। भीड़ नियंत्रण के लिए एआई आधारित कैमरों की मदद ली जा रही है। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही खड़े करें। माघी पूर्णिमा स्नान के बाद कल्पवासी अपना कल्पवास पूर्ण कर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात के विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रूप से स्नान कराकर उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।

Related Articles

Back to top button