उत्तराखंड: चमोली के गौचर में आयोजित किसान मेले में पहुंचे कृषि मंत्री जोशी

चमोली:कृषि मंत्री गणेश जोशी ने चमोली जिले के गौचर पहुंचकर 29 दिसम्बर को आयोजित होने वाले किसान दिवस-2025 कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि “जय जवान, जय किसान” थीम पर आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से पूर्ण की जाएं।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसान दिवस सम्मेलन में किसानों से सीधा संवाद किया जाएगा। इस कार्यक्रम का प्रदेश के 95 विकासखंडों में लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम गौचर मैदान में आयोजित होगा, जहां केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान स्थानीय उत्पादों के स्टॉल, कृषकों से संवाद, एग्री स्टार्टअप्स को मंच, तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे किसानों को नई तकनीकों और नवाचारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।




