Breaking News

मुख्यमंत्री ने ब्यावरा में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के खातों में 277 करोड़ की राहत राशि अंतरित की

किसानों को दीपावली मनाने के लिए धन की कोई कमी नहीं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव


33 करोड़ रूपये लागत की ब्यावरा नगर जल प्रदाय योजना का किया भूमिपूजन

*193 करोड रूपये लागत के 41 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण*


राजगढ़: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भगवान राम और कृष्ण के देश में किसानों को दीपावली का त्यौहार अच्छे ढंग से मनाने के लिए राज्य सरकार के पास कोई कमी नहीं है। किसानों के हर संकट में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। राजगढ़ जिले के लिए आज धनतेरस के दिन लगभग 500 करोड रुपए की सौगात मिल रही है यह प्रदेश भर में बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव राजगढ़ जिले के ब्यावरा में किसान सम्मेलन में किसानों को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के खातों में 277 करोड़ की राहत राशि अंतरित की। उन्होंने 226.81 करोड़ रूपये की योजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें
33 करोड़ रूपये लागत की ब्यावरा नगर जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन एवं 193 करोड रूपये लागत के 41 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश तरक्की कर रहा है। आकांक्षी जिले के माध्यम से राजगढ़ की तस्वीर बदल गई है। जब से हमारी सरकार बनी है पूरे क्षेत्र में विकास की धारा बह रही है। पहले खेती और पानी की कल्पना करना मुश्किल थी अब प्रदेश में सिंचाई का रकबा इतना बढ़ गया है कि हर खेत को सिंचाई के लिए पानी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सूखे खेतों में समय पर पानी मिल जाए तो फसल सोने की हो जाती है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में बिजली की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में इतनी बिजली है कि यहां की बिजली से दिल्ली की मेट्रो चल रही है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होकर सभी को देश के विकास में योगदान देना चाहिए। हम सबके मन में एक ही सपना हो भारत आगे बढ़े।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पहले गेहूं ₹100 क्विंटल खरीदा जाता था लेकिन हमने इसे इतना बढ़ा दिया है कि अब ₹2600 प्रति क्विंटल में खरीदा गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू कश्मीर में धारा 370 का कलंक मिटाकर फेंक दिया है।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि हमारी सरकार किसानों के सम्मान में खड़ी है। किसान सम्मान निधि के रूप में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा 6-6 हजार रुपए की राशि देने का कार्य किसानों का सम्मान है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रोड शो के बाद मुख्य समारोह में शामिल हुए। उन्होंने गोवंश की पूजा की। उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने मंच पर कन्या पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने दीप प्रज्वलित कर भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने श्री नरेंद्र मोदी स्वयंसेवक से प्रधान सेवक पुस्तक का विमोचन किया।

*मुख्यमंत्री की घोषणाएं*

* मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भाई दूज के त्योहार पर लाडली बहनों को खातों में 250 रुपए की अतिरिक्त राशि मिलेगी। इसके बाद हर महीने 1500 रुपए की राशि डाली जाएगी ।

* नगर पालिका ब्यावरा एवं नगर परिषद सुठालिया को विकास कार्यों के लिए 10 -10 करोड रुपए की राशि दी जाएगी।

* ब्यावरा में अतिरिक्त कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनाया जाएगा।

* ब्यावरा में पीपल चौराहे से राजगढ़ बाईपास तक रोड़ चौड़ीकरण व उन्नयन एवं सुठालिया रोड़ का उन्नयन और चौड़ीकरण किया जाएगा।

* गिंदौरहाट, सेमलापार और बैरसिया हाई स्कूल का हायर सेकेंडरी में उन्नयन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button