मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किया महतारी सदन का लोकार्पण
आवास पूर्ण करने वाले 6 हितग्राहियों को सौंपे चाबी, उत्कृष्ट कार्य करने वाली समूह की महिलाओं को दिया गया प्रशस्ति पत्र।
बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को धमतरी जिले के ग्राम करेली बड़ी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न जिलों में नवनिर्मित 51 महतारी सदन का लोकार्पण किया जिसमें बलौदाबाजार -भाटापारा जिले के 2 महतारी सदन शामिल है। इस कार्यक्रम के जीवंत प्रसारण को सुहेला में आयोजित कार्यक्रम में टीवी के माध्यम से देखा गया। सुहेला में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास पूर्ण करने वाले 6 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपा गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली समूह की 11 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर दीपक सोनी, जनपद अध्यक्ष डॉ दौलत राम पॉल,सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल ने कहा कि सुहेला में नवनिर्मित महतारी से अब समूह की महिलाओं को बैठक एवं अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों में लोए स्थायी भवन उपलब्ध हो गया है।आगामी समय में सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन का निर्माण होग़ा।हमारी सरकार के लिए महिला सशक्तिकरण सर्वोपरि है।अब पंचायत में 50 प्रतिशत सीट महिलाओं के लिए सुरक्षित रहती है। राशन कार्ड भी महिलाओं के नाम पर बन रहा है।
कलेक्टर सोनी ने कहा कि प्रथम चरण में जिले में 8 महतारी सदन स्वीकृत हुआ है जिसमें से 2 पूर्ण हो गया है और आज उनका लोकार्पण भी हुआ है। शेष 6 महतारी सदन भी जल्द पूर्ण हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप महिला सशक्तिकरण हेतु जिला प्रशासन द्वारा कदम उठाए जा रहे हैं। स्कूलों में मध्यान्ह भोजन एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में रेडी टु ईट निर्माण का कार्य भी समूह को दिया गया है। उन्होंने आदर्श पंचायत बनाने में भागीदारी निभाने के लिए सप्तरंगी सूत्र को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने स्व सहायता समूह के द्वारा उत्पादित सामग्रियों के विक्रय के लिए कार्यालयों में आपूर्ति कराने एवं सीमेंट प्लांट में बिहान सेंटर स्थापित करने कहा ताकि आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों तक उत्पाद की सुगम आपूर्ति हो सके।
कार्यक्रम को जनपद अध्यक्ष डॉ दौलत राम पॉल, जिला अध्यक्ष आनंद यादव ने भी सम्बोधित किया।इस अवसर पर जनपद सदस्य भानुप्रताप वर्मा, खेम लाल साहु, सरपंच संघ अध्यक्ष दिनेश चौबे, सरपंच मोगरा बाई जनपद सीईओ अमित दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।