राजनीती

बीजेपी बनाएगी अब दो करोड़ सदस्य

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से संभाग स्तर पर नए उद्योग लगने का मौका आने वाला है। इससे प्रदेश में रोजगार सृजन होगा, इसलिए सांसद, विधायक, जिला पदाधिकारी अपने क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं की लिस्ट बनाएं, ताकि उन्हें रोजगार दिया जा सके। रीजनन इंडस्ट्री कांक्लेव 7 दिसंबर को नर्मदापुरम में होगी। उन्होंने कहा कि हर लोकसभा क्षेत्र के लिए 120 करोड़ के कामों को मंजूरी सरकार दे रही है।

हर विधानसभा क्षेत्र के लिए 15 करोड़ रुपए के काम कराए जा रहे हैं, इसलिए विधायक संगठन के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार कराएं। बीजेपी दफ्तर में संगठन पर्व को लेकर आयोजित कार्यशाला में इससे पहले सदस्यता अभियान में कमजोर परफार्मेंस वाले विधानसभा क्षेत्रों और जिलों की जानकारी संगठन की ओर से दी गई और सुधार के लिए कहा गया। इस दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि अब सदस्यता अभियान में दो करोड़ सदस्य बनाना है।

शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय संगठन पर्व को लेकर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि बीजेपी का कार्यकर्ता त्योहारों को मनाने के साथ-साथ संगठन का पर्व भी मनाता है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में नारी सशक्तिकरण को लेकर लगातार काम हो रहा है। उन्होंने 1 नवंबर को स्थापना दिवस को लेकर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी।

कार्यशाला में सीएम मोहन ने कहा कि प्रदेश में स्थापना दिवस कार्यक्रम 4 दिन तक चलेंगे, गोवर्धन पूजा धूमधाम से मनाने का निर्णय सरकार ने लिया है। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए सरकार काम कर रही है। अभी देश में दूध उत्पादन में एमपी का प्रतिशत 9 है, जिसे 20% तक ले जाने के लिए काम करना है। हम दूध पर बोनस देने वाले हैं। जो लोग 10 से ज्यादा गाय पालेंगे, उन्हें सरकार अनुदान देगी।

उन्होंने कहा कि एक्सीडेंट में घायल होने वालों की जान बचाने के लिए सरकार ने तय किया है कि सूचना मिलते ही एंबुलेंस और एयर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाएंगे। घायलों उपचार की पूरी सुविधा मिलनी चाहिए। अगर कोई आयुष्मान योजना के दायरे से बाहर है तो वह नॉमिनल राशि जमा कर देगा और बाकी उपचार सरकार कराएगी। मुख्यमंत्री ने सत्ता और संगठन के कामों को लेकर कई जानकारियां भी दीं।

भोपाल उत्तर, भोपाल मध्य भी जीतेंगे: वीडी शर्मा

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि 2 सितंबर से शुरू हुए सदस्यता अभियान में अब तक 1 करोड़ 60 लाख लोग बीजेपी से जुड़ चुके हैं। पार्टी ने डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का टारगेट तय किया था। वहीं 15 अक्टूबर से शुरू हुआ सक्रिय सदस्यता अभियान कार्यक्रम 31 अक्टूबर तक चलेगा।

शर्मा ने सदस्यता अभियान में अच्छा काम करने वालों की तारीफ करते हुए कहा कि छिंदवाड़ा और इंदौर ने इतिहास रचा है। शर्मा ने दावा करते हुए कहा कि आगामी चुनावों में भोपाल उत्तर और मध्य से भी भाजपा का विधायक होगा। इसके पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय सह चुनाव अधिकारी नरेश बंसल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कार्यशाला का शुभारंभ किया

आधा दर्जन विधानसभा क्षेत्रों की परफॉर्मेंस खराब

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि अंबाह, अटेर, खरगापुर, पानसेमल समेत आधा दर्जन विधानसभा क्षेत्र में संगठन का सदस्यता परफॉर्मेंस बहुत ही खराब है। उन्होंने इन जिलों के पदाधिकारी को कहा कि अभी चुनाव नहीं हैं, इसलिए संगठन की व्यवस्था सुधारने का समय है। संगठन पर्व के माध्यम से संगठन को मजबूत बनाने का जो अभियान चलाया गया है, उसमें लगातार काम करते रहना है। शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सदस्यता का टारगेट डेढ़ करोड़ के बजाय 2 करोड़ करने के लिए कहा है। यह लक्ष्य बहुत कठिन नहीं है। इसे हासिल करने के लिए जुटना है।

हितानंद ने कहा, इंदौर-2 से विधायक रमेश मेंदोला के क्षेत्र में सबसे अधिक सदस्य बनाए गए हैं। इंदौर लोकसभा क्षेत्र सदस्य बनने में पूरे प्रदेश में आगे रहा है। हमारे पास बूथ की जानकारी नहीं होना चैलेंज है। शर्मा ने कहा कि लखनादौन, गंधवानी, केवलारी, परसवाड़ा, सैलाना, भगवानपुरा, लांजी समेत कई विधानसभा क्षेत्र में लक्ष्य से 50% कम सदस्य बनाए गए हैं। यह चिंता का विषय है।

दूसरी विधानसभाओं से आएंगे पदाधिकारी
प्रदेश संगठन महामंत्री शर्मा ने कहा कि मंडल स्तर पर संगठन चुनाव के लिए जो पदाधिकारी नियुक्त होंगे, वह दूसरी विधानसभा से आएंगे और ऐसे व्यक्ति ‌को संगठन की जानकारी होना जरूरी है। ऐसे व्यक्ति का चयन करके ही प्रदेश बीजेपी को भेजना है, इसके लिए 27 अक्टूबर के पहले जानकारी भेजना है। 7 नवम्बर, 8 नवम्बर और 9 नवंबर को मंडल स्तर की कार्यशाला होंगी। इसके बाद शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। शर्मा ने कहा कि 14 नवंबर से 20 नवंबर के बीच कोर कमेटी का गठन होगा। इसमें जिले के पदाधिकारी सांसद, विधायक, नगर निगम अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष शामिल होगें।

हर पदाधिकारी कम से कम 10 महिला सदस्य बनाएंगे

हितानंद ने कहा कि सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, सांसद, विधायक पार्टी के पदाधिकारी कम से कम 10 महिला सदस्य बनाएंगे। अधिक से अधिक महिलाओं को बीजेपी सदस्य बनाने के लिए कोई टारगेट नहीं है, आगामी 3 नवम्बर, 4 नवम्बर और 5 नवम्बर को जिलों में कार्यक्रम किए जाने की जानकारी भी शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक सदस्यता के लिए पोर्टल 15 नवंबर तक खुला रहेगा। युवा, महिला और गरीब को भी सदस्य बनने पर फोकस करना है। गरीबों में खास तौर पर एससी एसटी को सदस्य बनाना है।

Related Articles

Back to top button
× click to chat whatsapp