मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं सेवा सेतु सरकार आपके द्वार अभियान विधानसभा 03 चिमनबाग स्काउट ग्राउंड में शिविर आयोजित
इंदौर, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, सेवा सेतु अभियान एवं सरकार आपके द्वार अभियान के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 03 में चिमनबाग स्थित स्काउट ग्राउंड* पर जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में *महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री गोलू शुक्ला, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा एवं नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल* सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना तथा नागरिकों की समस्याओं, लंबित आवेदनों एवं शिकायतों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु, महापौर परिषद सदस्य श्री मनीष शर्मा ‘मामा’, श्री अभिषेक शर्मा ‘बबलू’, पार्षद श्री सुरेश टाकलकर, श्री मृदुल अग्रवाल, श्रीमती पंखुड़ी जैन, अपर आयुक्त, जोनल अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
*शिविर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित* किया गया। विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ ही उनके आवेदन, लंबित प्रकरण एवं शिकायतों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई।
*महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव* ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संवेदनशील पहल के तहत सरकार आपके द्वार अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग विभागों एवं जोन कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से सभी संबंधित विभागों को एक ही स्थान पर एकत्रित कर विधानसभा स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हो सके।
महापौर ने कहा कि यदि किसी नागरिक की समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है, तो वह अपने संबंधित जोन कार्यालय अथवा ऐसे शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्या प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि स्वरोजगार एवं आजीविका संबंधी कार्यों के लिए ऋण की आवश्यकता होने पर वे शिविर में संबंधित विभाग से संपर्क कर शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना, उन्हें उचित मार्गदर्शन देना तथा प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए आवेदकों को स्पष्ट एवं उचित प्रतिसाद देना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है।
*विधायक श्री गोलू शुक्ला* ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक नागरिकों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं पात्रतानुसार लाभ प्राप्त हो रहा है। साथ ही, नागरिकों की समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण में भी सहायता मिल रही है। उन्होंने संबंधित विभागों से शिविर में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्यवाही कर नागरिकों को लाभान्वित करने का आह्वान किया।
*सांदीपनि अहिल्या आश्रम गर्ल्स स्कूल का निरीक्षण, छात्राओं के प्रोजेक्ट की सराहना*
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत *महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री गोलू शुक्ला, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा एवं आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु एवं प्राचार्या श्रीमती हर्षा पंडित ने सांदीपनि अहिल्या आश्रम गर्ल्स स्कूल का निरीक्षण* भी किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं, लाइब्रेरी एवं प्रयोगशाला का अवलोकन किया तथा अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान *कक्षा तीसरी की छात्राओं आराध्या सिंह, आराध्या गौड़ एवं अन्य विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए एटीएम एवं क्यूआर कोड आधारित मॉडल का अवलोकन* किया गया। अतिथियों ने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट एवं उनके नवाचारपूर्ण प्रयासों की सराहना की तथा विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
*शिविर में एक ही स्थान पर मिल रही हैं विभिन्न विभागों की सेवाएं*
स्काउट ग्राउंड, चिमनबाग में आयोजित शिविर में नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न शासकीय विभागों को शामिल किया गया। शिविर के माध्यम से निम्नलिखित सेवाओं एवं समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यवाही की गई—
1. विद्युत विभाग: बिजली बिल, विद्युत कनेक्शन एवं विद्युत संबंधी शिकायतों का निराकरण।
2. राजस्व विभाग: राजस्व संबंधी प्रकरणों, आवेदनों एवं शिकायतों का निराकरण।
3. स्वास्थ्य विभाग: स्वास्थ्य सेवाओं, शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु सहायता।
4. खाद्यान्न विभाग: राशन कार्ड, पात्रता पर्ची एवं खाद्यान्न वितरण से संबंधित समस्याओं का निराकरण।
5. आधार कार्ड सेवाएं: आधार कार्ड में संशोधन एवं अन्य संबंधित समस्याओं के निराकरण में सहायता।
6. महिला एवं बाल विकास विभाग: महिलाओं, बच्चों एवं पात्र हितग्राहियों से संबंधित योजनाओं की जानकारी तथा आवेदन संबंधी सहायता।
7. नगर पालिक निगम: जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र, विवाह पंजीयन तथा अन्य नगरीय सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का निराकरण।
8. सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग: वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित कार्यवाही।
9. समग्र आईडी एवं ई-केवाईसी: समग्र आईडी, परिवार एवं सदस्य संबंधी विवरण, ई-केवाईसी तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण में सहायता।
10. मुख्यमंत्री हेल्पलाइन: लंबित शिकायतों, आवेदनों एवं शिकायतों की स्थिति से संबंधित समस्याओं का निराकरण।
11. शहरी गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ: शहरी गरीबों एवं पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पथ विक्रेताओं के ऋण संबंधी आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों में सहायता।
12. महिला कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाएं: पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया एवं संबंधित सेवाओं में सहायता।
13. अन्य शासकीय विभाग: विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नागरिक सेवाओं, जनसमस्याओं, लंबित आवेदनों एवं शिकायतों से संबंधित प्रकरणों का निराकरण।
शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभागीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा लंबित मामलों के समाधान की दिशा में कार्यवाही की गई।



