जीरापुर में सूने मकान से 50 लाख की बड़ी चोरी, सगाई में गया था परिवार माताजी मोहल्ले में वारदात से मचा हड़कंप, दूसरी मंजिल के कमरे में रखी थी नकदी; एडिशनल एसपी और थाना प्रभारी ने दी जानकारी

राजगढ जीरापुर। नगर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। माताजी मोहल्ले में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर 50 लाख रुपये नकद चुरा ले गए। परिवार चचेरे भाई की सगाई में शामिल होने राजस्थान गया था। देर रात घर लौटने पर दूसरी मंजिल के कमरे से नकदी गायब मिली। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, माताजी मोहल्ला निवासी अब्दुल रईस पिता अब्दुल लतीफ खान उम्र 51वर्ष 15 अक्टूबर को शाम करीब 4 बजे परिवार सहित घर पर ताला लगाकर अपने चचेरे भाई सलमान पिता वली मोहम्मद की सगाई में शामिल होने राजस्थान के ग्राम पचपहाड़ मंडी गए थे। 16 अक्टूबर की रात करीब 1:15 बजे परिवार वापस लौटा तो दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे का ताला गायब मिला। कमरे की कुंडी खोलकर अंदर देखा तो दीवान पलंग पर बिछा गद्दा अस्त-व्यस्त था और नकदी रखने वाले कार्टन खाली पड़े थे।
कार्टन और प्लास्टिक की थैली में रखे थे 50 लाख रुपये
जमीन बेचकर मिले थे 50 लाख रुपये
फरियादी ने पुलिस को बताया कि दीवान पलंग में रखे कार्टन में 25 लाख रुपये और एक प्लास्टिक की थैली में 25 लाख रुपये रखे थे। इस तरह कुल 50 लाख रुपये की नकदी गायब मिली। फरियादी के अनुसार, यह रकम रामगोपाल दांगी को जमीन बेचने से प्राप्त हुई थी।
- एडिशनल एसपी और थाना प्रभारी ने दी जानकारी
मामले में एडिशनल एसपी के.एल. बंजारे और जीरापुर थाना प्रभारी हुकुमचंद मीणा ने बताया कि फरियादी ने जमीन बेचकर मिली 50 लाख रुपये की राशि घर में रखी थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।



