सुशासन, रोजगार और तकनीक से विकास की नई राह पर मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
महिला सशक्तीकरण, स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक बुनियादी सुविधाओं पर जोर, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने का लक्ष्य

PKG भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मध्यप्रदेश सुशासन, तकनीकी विकास, महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार का जोर योजनाओं की घोषणा के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन तक लाभ पहुंचाने पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में कुल ऊर्जा क्षमता में नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी लगभग 30 प्रतिशत है। केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी जोड़ो परियोजनाओं से भी विकास की नई संभावनाएं बनेंगी। वहीं, भोपाल और इंदौर में मेट्रो रेल का संचालन आधुनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती दे रहा है।
उन्होंने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहलों को महिलाओं की आत्मनिर्भरता का आधार बताया। युवाओं के लिए दो लाख से अधिक रोजगार अवसर सृजित करने का लक्ष्य भी रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम तकनीक जैसे क्षेत्रों में पहल से भारत भविष्य की तकनीकों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाकर मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है।



