सेवा के रंग, राष्ट्र के संग कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
चंद्रयान मिशन और अयोध्या श्रीराम मंदिर की रंगोली का किया अवलोकन, विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के टी.टी. नगर स्थित तात्या टोपे स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ एवं ‘सेवा-ज्योति’ कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और राष्ट्र के प्रति उनके उत्साह की सराहना की।
कार्यक्रम में विकसित भारत की थीम पर आधारित आकर्षक रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मुख्यमंत्री ने चंद्रयान मिशन में भारतीय वैज्ञानिकों की उपलब्धियों तथा अयोध्या में निर्मित भव्य श्रीराम मंदिर को दर्शाती अनूठी रंगोली का अवलोकन किया। इन कलाकृतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारत की वैज्ञानिक प्रगति, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भारत के मानचित्र की आकृति में मानव श्रृंखला बनाकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस मानव श्रृंखला के बीच बैठकर विद्यार्थियों से रूबरू हुए और उनसे आत्मीय संवाद किया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में सेवा, राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी की भावना को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों की प्रतिभा के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका और राष्ट्रीय एकता के महत्व को भी रेखांकित किया।




