रेलवे ट्रैक पर युवक-युवती के शव मिले, अंधेरे में 2 किमी पैदल चली पुलिस देहरी बामन के रास्ते के पास मक्सी-रुठियाई रेलखंड पर मिले शव, मई में हुई थी दोनों की सगाई
रेलवे ट्रैक पर युवक-युवती के शव मिले, अंधेरे में 2 किमी पैदल चली पुलिस
देहरी बामन के रास्ते के पास मक्सी-रुठियाई रेलखंड पर मिले शव, मई में हुई थी दोनों की सगाई
राजगढ थाना क्षेत्र में मक्सी-रुठियाई रेलवे ट्रैक पर सोमवार रात युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। देहरी बामन गांव के रास्ते के पास रात करीब 8 बजे लोगों ने ट्रैक पर शव देख पुलिस को सूचना दी। अंधेरा होने के कारण पुलिसकर्मियों को करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर मौके तक पहुंचना पड़ा।
मृतकों की पहचान बनवारी पिता हरिप्रसाद वर्मा निवासी देहरी बामन और प्रिया पिता बृज वर्मा उम्र 17 वर्ष निवासी कुदाली, थाना नरसिंहगढ़ के रूप में हुई। युवती के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
मई में हुई थी सगाई
परिजनों के अनुसार प्रिया और बनवारी की मई में सगाई हुई थी। इसके बाद दोनों लगातार संपर्क में थे। अगस्त में कुदाली जाते समय मंडावर के पास बनवारी का सड़क हादसा हो गया था जिसमे वह घायल हो गया था। करीब पांच-सात दिन पहले ही वह स्वस्थ होकर काम पर लौटा था।
बनवारी के पिता ने बताया कि सोमवार सुबह वह खेत पर उनके साथ गया था। भैंस बांधने और चारा लाने के बाद सुबह करीब 9 बजे खाना खाने घर जाने की बात कहकर निकला था। रात करीब 8 बजे पुलिस ने उसकी मौत की सूचना दी। पुलिस के अनुसार दोनों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या मामला कुछ और है, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।




