वाराणसी में क्वींस कॉलेज में युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

लखनऊ (SHABD) :वाराणसी में माई भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” राष्ट्रीय संकल्प समारोह एवं “युवा कनेक्ट कार्यक्रम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि विद्यालय के प्राचार्य विशेश्वर सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को भी जागरूक करने का अनुरोध किया। माई भारत के उपनिदेशक विकास कुमार सिंह ने युवाओं से अपनी ऊर्जा रचनात्मक कार्यों में लगाने की अपील की। युवा आइकॉन एवं पूर्व छात्र सृजन चतुर्वेदी ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, माई भारत के प्रतिनिधि, स्वयंसेवक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।




