Breaking News

सक्षम आंगनवाड़ी, सशक्त बचपन की नई पहचान बन रहा राजगढ़  खेल-खेल में सीख रहे नौनिहाल, पोषण-स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से मजबूत हो रही बचपन की नींव

राजगढ़   जिले में आंगनवाड़ी केंद्र अब केवल पोषण वितरण का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के समग्र विकास के सशक्त केंद्र बनते जा रहे हैं। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में राजगढ़ जिले के चयनित 560 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जहां नौनिहाल खेल-खेल में सीखने के साथ पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा का लाभ ले रहे हैं। इन प्रयासों से आंगनवाड़ी केंद्रों का वातावरण अधिक आकर्षक और बच्चों के अनुकूल बना है, जिसका सकारात्मक असर बच्चों की बढ़ती उपस्थिति और सीखने की गतिविधियों में दिखाई दे रहा है।

 

*560 आंगनवाड़ी केंद्रों को मिला आधुनिक स्वरूप*

 

जिले में संचालित 2456 आंगनवाड़ी केंद्रों में से 560 आंगनवाड़ी केंद्रों का चयन शासन द्वारा सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में किया गया है। इन केंद्रों में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। 560 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, एलईडी टीवी, आरओ, योगा मैट एवं बच्चों के लिए कुर्सियों सहित विभिन्न सामग्री प्रदाय की गई है।

 

*आधुनिक सुविधाओं से संवारा जा रहा बचपन*

 

सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में उपलब्ध कराई गई सामग्री का आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा शासन की मंशानुसार प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। एलईडी टीवी के माध्यम से बच्चों को रोचक एवं शिक्षाप्रद सामग्री से जोड़ने, योगा मैट के माध्यम से शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा आरओ के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, पोषण वाटिका के माध्यम से बच्चों को पोषण, पौष्टिक आहार एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों के महत्व से परिचित कराया जा रहा है। रेनवाटर हार्वेस्टिंग जैसी व्यवस्थाएं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने में भी सहायक बन रही हैं।

 

*बढ़ती उपस्थिति, बदलते माहौल की कहानी*

 

आंगनवाड़ी केंद्रों में सुविधाओं के विस्तार और बच्चों के अनुकूल वातावरण तैयार होने का सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति निरंतर बढ़ रही है। आकर्षक वातावरण और बेहतर सुविधाओं के कारण नौनिहाल आंगनवाड़ी केंद्रों की ओर उत्साह के साथ आकर्षित हो रहे हैं।

 

*सुविधाओं से आगे—संस्कार, शिक्षा और विकास की मजबूत नींव*

 

सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र केवल सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ, खुशहाल और समग्र विकास की मजबूत नींव तैयार करने का माध्यम बन रहे हैं। पोषण, स्वास्थ्य, शारीरिक गतिविधि और प्रारंभिक शिक्षा को एक साथ जोड़कर आंगनवाड़ी केंद्रों को नौनिहालों के विकास के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. मिश्रा के निर्देशन में जिले में किए जा रहे ये प्रयास बचपन को बेहतर सुविधाएं देने और आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त, आकर्षक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button