राजस्‍थान

संसदीय कार्य मंत्री के मुख्य आतिथ्य में आदर्श विद्या मंदिर मणाई का वार्षिकोत्सव हुआ आयोजित

जयपुर,16 मई। विद्या भारती के आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक मणाई का वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह शनिवार को संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में परम पूज्य संत श्री नारायणगिरी जी महाराज एवं परम पूज्य संत श्री अमृतराम जी महाराज का पावन सानिध्य रहा।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार शैक्षणिक उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण के लिए अनवरत काम कर रही हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाशक्ति अग्रणी भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि विद्या भारती संस्कारयुक्त शिक्षा के साथ विकसित,समर्थ और सक्षम भारत के निर्माण के लिए संकल्पबद्ध है।

2 हजार करोड़ रुपये से स्थापित होगा विद्यालय आधारभूत संरचना कोष

श्री पटेल ने कहा बजट घोषणा के अनुरूप विद्यालयों के अवसंरचना विकास के लिए 2 हजार करोड़ रुपये की राशि से विद्यालय आधारभूत संरचना कोष की स्थापना की जाएगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप में व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 51 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 500 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा शुरू की जायेगी।

एआई आधारित पर्सनलाइज्ड लर्निंग लैब्स होगी स्थापित

विधि मंत्री ने कहा प्रदेश के एक हजार विद्यालयों में एआई आधारित पर्सनलाइज्ड लर्निंग लैब्स की स्थापना की जायेगी। एक हजार करोड़ रुपये की लागत से 400 विद्यालयों को ‘सीएम-राइज’ स्कूलों में क्रमोन्नत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 44 हजार से अधिक छात्राओं को स्कूटी और 13 लाख से अधिक छात्राओं को साइकिल वितरित की है।

विद्या भारती हमारी संस्कृति और विरासत की संवाहक

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा विद्यार्थियों में करुणा का भाव विकसित करना विद्यालयों का दायित्व है, जिससे उनमें वसुधैव कुटुम्बकम की भावना फलीभूत हो। जिस देश के बच्चे अपनी विरासत को जानते हैं, उस देश के विकास को कोई भी नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालय हमारी सनातन संस्कृति,सांस्कृतिक विरासत और भारतीय ज्ञान परंपरा से परिचित कराते हैं, जो हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्षों में संजोई है।

भारत के पास विश्व की सबसे बड़ी युवा शक्ति

श्री पटेल ने कहा किसी भी देश का सबसे बड़ा धन उसकी युवा पीढ़ी होती है। भारत के पास विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी है, जो हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं।वे युवाओं में शिक्षा के साथ ही संस्कार और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।

प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी छत्रपाल को लैपटॉप एवं छात्र देरावरसिंह को टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, घोष प्रदर्शन, नियुद्ध एवं डंबल्स का प्रदर्शन किया गया।

Related Articles

Back to top button