दुनिया का पहला एकमात्र शाकाहारी शहर, नॉनवेज खाना अपराध

नई दिल्ली। भारत अपनी विविधता और खानपान के लिए दुनियाभर में पहचाना जाता है। यहां शाकाहारी के साथ बहुतायत में मांसाहारी भी हैं। दुनियाभर में मांस का खूब सेवन किया जाता है। यह प्रोटीन का मुख्य सोर्स माना जाता है। हालांकि, शाकाहार स्वस्थ्य शरीर के लिए बहुत जरूरी बताया गया है। लेकिन क्या आपने सोचा है कि दुनिया में कोई ऐसा शहर है, जो सिर्फ शाकाहारी है। तो इसका जवाब है हां। एक ऐसा भी शहर है, जहां नॉनवेज पर पूरी तरह बैन लगा हुआ है।
दरअसल, गुजरात के भावनगर जिले में स्थित पालिताना दुनिया का एकमात्र शहर है, जहां मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध लगा हुआ है। यहां मीट खाना, बेचना और जानवरों को मारना अपराध माना गया है, इस शहर को पूरी तरह से शाकाहारी घोषित किया गया है। पालिताना को पवित्र शहर माना जाता है। ऐसे में यहां न ही कोई मांस बेच सकता है और न ही कोई इसे यहां काट सकता है, इस नियम को तोड़ने पर आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
बता दें कि यह फैसला 200 जैन साधु-संतों के विरोध प्रदर्शन के बाद लिया गया। उन्होंने यहां 200 से अधिक मीच की दुकानों को बंद करने की मांग की थी। उनका मानना था कि शहर में हिंसा नहीं होनी चाहिए। जैन समुदाय में किसी भी जीवित प्राणी को मारना गलत माना जाता है। इस समुदाय के लोग मांसाहार का विरोध करते हैं, इसलिए पालिताना में इस पर पूरी तरह बैन लगाने की मांग की गई थी। पालिताना को जैन धर्म में सबसे पवित्र तीर्थस्थलों में से एक माना जाता है। इस शहर की शत्रुंजय पहाड़ियों पर 800 से ज्यादा मंदिर स्थित हैं, जिनमें से सबसे प्रमुख आदिनाथ मंदिर को माना जाता है।