मध्यप्रदेश

अधिवक्ता संघ देपालपुर में ईद मिलन का भव्य आयोजन — मोहब्बत, भाईचारे और एकता की मिसाल

 

देपालपुर(इंदौर) – पावन पर्व ईद-उल-फित्र के शुभ अवसर पर अधिवक्ता संघ देपालपुर द्वारा एक अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं आत्मीय ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर न्यायपालिका एवं अधिवक्ता समुदाय की गरिमामयी उपस्थिति ने पूरे वातावरण को सौहार्द, सम्मान और आत्मीयता की रोशनी से आलोकित कर दिया। कार्यक्रम ने गंगा-जमुनी तहजीब की उस जीवंत परंपरा को साकार किया, जिसमें विविधता में एकता और दिलों में मोहब्बत का संदेश समाहित होता है।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बैतूल से पधारे विशेष न्यायाधीश रईस खान की गरिमामयी उपस्थिति रही, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील विधिक सेवा समिति देपालपुर के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने की।समारोह का शुभारंभ आपसी अभिवादन, गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देने और दिलों को जोड़ने वाले भाईचारे के संदेश के साथ हुआ। पूरे आयोजन में आत्मीय संवाद, स्नेहपूर्ण मिलन और सामाजिक समरसता की अनुपम छटा बिखरी रही।मुख्य अतिथि विशेष न्यायाधीश रईस खान ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में कहा कि ईद का पर्व त्याग, संयम, समर्पण और इंसानियत की उच्चतम भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का यह नैतिक दायित्व है कि वह समाज में शांति, सद्भाव और न्याय के मूल्यों को सुदृढ़ बनाए। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ऐसे आयोजन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम होते हैं, जो दिलों के बीच दूरी को कम कर आपसी रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाते हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान ने अपने गरिमामय एवं भावपूर्ण संबोधन में कहा कि ईद एक धार्मिक उत्सव के साथ-साथ इंसानियत, करुणा, सेवा और आपसी प्रेम का सार्वभौमिक संदेश देने वाला पावन पर्व है।उन्होंने अधिवक्ता समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि न्यायालय केवल कानून का स्थल नहीं, बल्कि न्याय और मानवीय मूल्यों का मंदिर है। ऐसे में अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों का यह कर्तव्य है कि वे समाज में विधिक सेवा के साथ-साथ भाईचारे, विश्वास और सद्भाव की भावना को भी सशक्त करें। जिला न्यायाधीश श्री खान ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन आपसी संवाद, विश्वास और सहयोग को बढ़ावा देते हैं, जो एक स्वस्थ, सशक्त और समरस समाज की आधारशिला हैं।अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अंतर सिंह मौर्य ने अपने उद्बोधन में सभी अतिथियों एवं उपस्थित अधिवक्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ईद मिलन जैसे आयोजन अधिवक्ता परिवार को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं और आपसी सहयोग, सम्मान एवं आत्मीयता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता राजेन्द्र पटेल, सचिव दिनेश डोंड, चेतन हार्डिया, पंकज तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप डाबी, प्रकाश धाकड़, प्रदीप पाटीदार, सी.एस.जोशी, विक्रम गोंड, भरत तंवर, दिलीप वर्मा, मनोज देसाई,अंकुश जैन, योगेंद्र यादव प्रियेश नागर, चिंतामन बाथम एवं श्रीमती दुलेंद्र जैन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता गण गरिमामयी उपस्थिति में शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी और आपसी सौहार्द, प्रेम एवं भाईचारे का संदेश प्रसारित किया।

कार्यक्रम का समापन अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में हुआ, जहाँ सभी उपस्थितजनों ने मिलकर समाज में प्रेम, भाईचारा, एकता और सामाजिक समरसता को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।यह आयोजन न केवल एक पर्व का उत्सव था, बल्कि मानवीय मूल्यों, सामाजिक एकता और पारस्परिक सम्मान की जीवंत अभिव्यक्ति भी बनकर उभरा।

Related Articles

Back to top button