Breaking News

सारंगपुर में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक जल संरक्षण, निर्माण कार्यों की समयसीमा और जनकल्याण योजनाओं पर सख्त निर्देश*

 

राजगढ़    जनपद पंचायत सारंगपुर कार्यालय में बुधवार को प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक में क्षेत्र के समस्त विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और पूर्ण कार्यों को विधिवत संबंधित विभागों को हस्तांतरित किया जाए।बैठक में “जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0” के तहत सारंगपुर जनपद में स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई। इनमें रूफ वाटर हार्वेस्टिंग, नाला ट्रेंचिंग, मैजिक पिट और कंटूर ट्रेंच शामिल हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण हों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंचों को जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही उतावली एवं काई नदियों के पुनर्जीवन हेतु जनसहभागिता और श्रमदान को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।

 

जल निगम विभाग द्वारा पेयजल टंकी निर्माण में देरी और गांवों में जल आपूर्ति व्यवस्था सुचारू न होने पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि सभी लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में सीएम राइज स्कूल भवन निर्माण कार्य समय पर पूर्ण न होने पर संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और जांच के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए गए।

 

साथ ही कृषि विभाग को प्राकृतिक खेती के लिए किसानों को प्रशिक्षण देकर प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में केवल 375 किसान ही प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं, जिसे बढ़ाने पर जोर दिया गया।नरवाई जलाने पर रोक के लिए किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। “हरित सारंगपुर” के लक्ष्य के तहत प्रत्येक नागरिक से कम से कम 10 पौधे लगाने का आह्वान किया गया। विद्युत विभाग को आंगनवाड़ी केंद्रों और अस्पतालों की बिजली आपूर्ति बाधित न करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों को 30 मार्च, 2026 तक बिजली बिल भुगतान में राहत देने की बात कही गई। स्वास्थ्य विभाग को सारंगपुर अस्पताल में 15 दिवस के भीतर डायलिसिस मशीन और आरओ प्लांट स्थापित करने के निर्देश दिए गए बालिकाओं के टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश भी दिए गए।

 

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सभी हैंडपंपों में पाइप बढ़ाने और रिचार्ज शाफ्ट बनाने के निर्देश दिए गए।आवश्यकता पड़ने पर निजी बोर एवं कुओं के अधिग्रहण की कार्रवाई करने को भी कहा गया। बैठक में 19 अप्रैल, 2026 को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह एवं निकाह कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Back to top button