कृषि विभाग द्वारा पुलिस और हार्वेस्टर संचालकों के साथ बैठक आयोजित

राजगढ़ विकासखण्ड सारंगपुर में फसल कटाई के बाद खेतों में नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को सारंगपुर क्षेत्र में कृषि विभाग ने पुलिस अधिकारियों और हार्वेस्टर संचालकों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में नरवाई प्रबंधन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री राजेश राजपुत ने थाना सारंगपुर में बैठक ली। बैठक का मुख्य उद्देश्य किसानों को नरवाई न जलाने के प्रति जागरूक करना और हार्वेस्टर मशीनों में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम के उपयोग को अनिवार्य करना था।
बैठकों के दौरान पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में संचालित हार्वेस्टर मशीनों और उनके संचालकों के संपर्क विवरण भी उपलब्ध कराए गए। यह कदम फसल कटाई के दौरान नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में नरवाई प्रबंधन को लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए गए हैं। इन आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

