290 हितग्राहियों को आवास राशि वितरण, 3 करोड़ 71 लाख रुपए से अधिक राशि के निर्माण कार्यों का राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सांसद ने किया भूमि पूजन

राजगढ़ ब्यावरा नगर में आज विकास को नई गति देते हुए प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार एवं सांसद श्री रोडमल नागर ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के बीएलसी घटक अंतर्गत 290 पात्र हितग्राहियों को भवन निर्माण हेतु हितलाभ राशि का वितरण किया। साथ ही नगर के चहुँमुखी विकास के लिए 3 करोड़ 71 लाख रुपए से अधिक राशि की लागत से स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन भी संपन्न हुआ।
अपने संबोधन में कहा कि नगर की जनसंख्या निरंतर बढ़ रही है और उसी अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी विधानसभा के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक नागरिक का विकास करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि शहर और विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का व्यापक निर्माण एवं उन्नयन कार्य जारी है। ब्यावरा शहर की सबसे बड़ी आवश्यकता शुद्ध पेयजल को ध्यान में रखते हुए मोहनपुरा परियोजना के अंतर्गत लगभग 33 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली पेयजल योजना आगामी दो वर्षों में पूर्ण होकर शहर को अगले 50 वर्षों तक पेयजल उपलब्ध कराएगी।
साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि ब्यावरा शासकीय चिकित्सालय में नया ट्रॉमा सेंटर शीघ्र ही संचालित होगा। शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जहां ग्रामीण अंचल से अध्ययन हेतु आने वाली बालिकाओं के लिए 100 बेड का कन्या छात्रावास उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए नवीन सीएम राइज स्कूल, एसडीएम कार्यालय, सुठालिया रोड का उन्नयन, राजगढ़ बायपास से पीपल चौराहा तक नवीन सड़क निर्माण, जनपद भवन एवं पार्वती पुल सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का जिक्र किया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। अंत्योदय की भावना के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही हमारी नीति और प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। आज भारत की विश्व में प्रतिष्ठा और प्रभाव पहले से कहीं अधिक सुदृढ़ हुआ है। वैश्विक मंच पर किसी भी महत्वपूर्ण मुद्दे पर भारत की भूमिका निर्णायक मानी जाती है और विश्व समुदाय भारत के नेतृत्व पर विश्वास करता है।
सांसद नागर ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं आवास, सड़क, जल, स्वास्थ्य और शिक्षा का सीधा लाभ आमजन को मिल रहा है।ब्यावरा सहित संपूर्ण क्षेत्र में जो विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं, वे इसी दूरदर्शी नेतृत्व और डबल इंजन सरकार की समन्वित कार्यशैली का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।

