आरकेटीसी प्रबंधन पर मनमानी का आरोप, सुरक्षा नियमों की अनदेखी से खनन कार्य प्रभावित: इनमोसा ने सख्त कार्रवाई की मांग उठाई

धनबाद/बराकर। इंडियन नेशनल माइन ऑफिशियल एंड सुपरवाइजरी स्टाफ एसोसिएशन (इनमोसा) ने आरकेटीसी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि खदान क्षेत्र में सुरक्षा मानकों (एसओपी) की खुली अनदेखी की जा रही है। संगठन ने इस संबंध में महाप्रबंधक को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इनमोसा के पदाधिकारियों का आरोप है कि अमलाई ओसीएम में माइंसिंग स्टाफ द्वारा बार-बार आरकेटीसी के सुपरवाइजर्स को सुरक्षा निर्देशों और एसओपी का पालन कराने की बात कही जाती है, लेकिन प्रबंधन की ओर से इन नियमों की लगातार अवहेलना की जा रही है। इतना ही नहीं, संगठन ने यह भी कहा है कि आरकेटीसी के कुछ कर्मचारी खदान परिसर में अनुशासनहीन व्यवहार कर रहे हैं, जिससे कार्यस्थल का माहौल प्रभावित हो रहा है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो माइंसिंग स्टाफ का मनोबल गिर सकता है और उत्पादन कार्य भी बाधित हो सकता है। संगठन का कहना है कि सुरक्षा से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। खदानों में जरा सी लापरवाही बड़े हादसों का कारण बन सकती है, ऐसे में प्रबंधन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
इनमोसा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि बार-बार आगाह करने के बावजूद यदि सुधार नहीं हुआ तो स्थिति गंभीर रूप ले सकती है। संगठन ने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
खनन क्षेत्र जैसे संवेदनशील उद्योग में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर उठे ये सवाल प्रबंधन की कार्यशैली पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहे हैं। अब देखना होगा कि आरकेटीसी प्रबंधन इन आरोपों पर क्या रुख अपनाता है और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।


