वेयरहाउस लूट गिरोह का भंडाफोड़, 58 क्विंटल सरकारी गेहूं बरामद “ऑपरेशन चक्षु 360” बना पुलिस की ताकत, 500 सीसीटीवी खंगालने के बाद पकड़े गए शातिर तीन आरोपी गिरफ्तार, दो फरार — आइसर वाहन व हथियार जप्त
लखन गुर्जर राजगढ़ | जिले में संगठित अपराधों पर सख्ती के तहत राजगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ब्यावरा शहर स्थित वेयरहाउस पर हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने शातिर लुटेरा गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 58 क्विंटल (116 बोरी) सरकारी गेहूं, वारदात में प्रयुक्त आइसर वाहन सहित कटर व अन्य उपकरण जप्त किए गए हैं। प्रकरण में शामिल दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी सरगर्मी से तलाश जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजगढ़ श्री अमित तोलानी (IPS) के निर्देशन में की गई, जिनके द्वारा स्वयं पूरे प्रकरण की मॉनिटरिंग की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी ब्यावरा श्री प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में थाना ब्यावरा शहर पुलिस ने यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।
रात 1 बजे चौकीदारों को बनाया बंधक
घटना दिनांक 02 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 01:00 बजे की है। फरियादी जसरथ पिता अमरचंद मीना (45) निवासी ग्राम कांसोरकला, थाना ब्यावरा शहर, वेयरहाउस में चौकीदारी कर रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात आरोपी वहां पहुंचे और कट्टा जैसी वस्तु अड़ाकर उन्हें बंधक बना लिया।
आरोपियों ने दूसरे चौकीदार हरिसिंह प्रजापति के कमरे में जाकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया तथा दोनों चौकीदारों को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर वेयरहाउस गेट की चाबी छीनी और वहां रखी सरकारी गेहूं की 30 बोरियां लूटकर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना ब्यावरा शहर में अपराध क्रमांक 86/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामलाि पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
सीसीटीवी नहीं था मौके पर, फिर भी पुलिस ने खोला राज
घटनास्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं होने से प्रारंभिक जांच चुनौतीपूर्ण रही। वेयरहाउस आगरा–मुंबई नेशनल हाईवे पर स्थित होने से वाहनों की भारी आवाजाही रहती है, जिससे आरोपियों की पहचान मुश्किल थी।
इसके बावजूद पुलिस ने तकनीकी विवेचना का सहारा लिया। वेयरहाउस के आसपास एवं पेट्रोल पंपों पर लगे कैमरों के साथ-साथ “ऑपरेशन चक्षु 360” के अंतर्गत आगरा–मुंबई हाईवे पर लगे लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का क्रमबद्ध एवं सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। निरंतर फुटेज मिलान के बाद घटना में प्रयुक्त वाहन की पहचान सुनिश्चित हुई।
जांच में आइसर वाहन क्रमांक MP09GG2803 सामने आया, जिसके आधार पर वाहन चालक की पहचान कर आरोपियों तक पुलिस पहुंच सकी।
गिरफ्तार आरोपी
फारुख खान पिता अहमद खान (42)
निवासी रसूलपुर, थाना औद्योगिक क्षेत्र, जिला देवास
कान्हा पिता लगजीराम मोंगिया (30)
निवासी लेकोडा, थाना नीलगंगा, जिला उज्जैन
अंबाराम पिता नागूलाल मालवीय (29)
निवासी जूनापानीखेड़ा, थाना तराना, जिला उज्जैन
जप्त सामग्री
• 58 क्विंटल (116 बोरी) सरकारी गेहूं
• आइसर वाहन क्रमांक MP09GG2803
• कटर एवं अन्य वारदात में प्रयुक्त उपकरण
शातिर अपराधी, लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों में फारुख खान एवं कान्हा मोंगिया पूर्व से लूट, चोरी व नकबजनी जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त रहे हैं। फारुख खान पर देवास, सतवास, टोंकखुर्द, जावरा सहित विभिन्न थानों में कई अपराध दर्ज हैं, वहीं कान्हा मोंगिया पर उज्जैन एवं इंदौर क्षेत्र में चोरी व सेंधमारी के प्रकरण दर्ज हैं। अंबाराम मालवीय पर भी चोरी व मारपीट से जुड़े मामले दर्ज पाए गए हैं।

